नंबर एक पर पहुंचकर उसपर बने रहने के लिए प्रतिबद्ध : ग्रीम स्वान
क्रिकेट, खेल, ताजा खबरें, ETOI 8:09 pm
दुनिया की नंबर एक टीम को चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले दो मैच में करारी शिकस्त देने के बाद इंग्लैंड भले ही भारत से शीर्ष स्थान हासिल करने के करीब पहुंच गया लेकिन आफ स्पिनर ग्रीम स्वान ने कहा कि उनकी टीम अपनी सफलता को लंबे समय तक बनाये रखने को प्रतिबद्ध है.
स्वान ने कहा, ''दुनिया में नंबर एक पर पहुंचना यात्रा का अंत नहीं है. यह केवल शुरुआत है. हम अपना साम्राज्य स्थापित करना चाहते हैं. लंबे समय सफल रहना चाहते हैं. हम चाहते हैं कि हमें इंग्लैंड की सर्वश्रेष्ठ टीम के रूप में याद किया जाए."
इंग्लैंड चार मैच की श्रृंखला में 2-0 से आगे चल रहा है. चोटिल खिलाडि़यों की समस्या से जूझ रही भारतीय टीम के खिलाफ उसने पूरा दबदबा बनाये रखा. इंग्लैंड यदि श्रृंखला दो मैच के अंतर से जीतने में सफल रहता है तो वह भारत की जगह नंबर एक बन जाएगा.
स्वान ने 'द सन" में अपने कालम में लिखा है, ''हम अभी वहां नहीं पहुंचे हैं और हमारा अभी पूरा ध्यान एजबेस्टन में बुधवार से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट मैच पर लगा है. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि 2-0 से बढ़त लेने के बाद हमें हर हाल में श्रृंखला जीतनी होगी और फिर रैकिंग खुद ही सुधरेगी."
उन्होंने कहा, ''टिम ब्रेसनन, स्टुअर्ट ब्रॉड और इयान बेल अभी 30 साल से कम के हैं. इससे इंग्लैंड के पास लंबे समय तक शीर्ष पर बने रहने का मौका है."
इयान बेल से जुड़े हालिया रन आउट प्रकरण पर स्वान ने कहा कि भारतीयों ने अपील वापस लेकर सही किया.
उन्होंने कहा, ''यह साफ था कि बेली रन नहीं ले रहा था और अंपायर भी गेंदबाज को उसकी स्वेटर थमा रहा था. आप बल्लेबाज को दिन में 20 बार रन आउट कर सकते हो जबकि वह गार्ड ले रहा हो या फिर इसी तरह का कोई काम कर रहा हो."
बेल को दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन तब रन आउट दे दिया गया था जब उन्हें लगा कि अब चाय का समय हो गया है और गेंद 'डेड" हो गयी है. भारतीयों ने उन्हें रन आउट कर दिया था लेकिन चाय के विश्राम के समय भारत ने अपनी अपील वापस ले ली थी.