जहीर खान आईसीसी पुरस्कारों के लिये तीन श्रेणियों में नामांकित

भारतीय गेंदबाज जहीर खान को एलजी आईसीसी पुरस्कारों के लिये तीन श्रेणियों में नामांकित किया गया है.

बुधवार को जहीर के अलावा तीन अन्य भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी दो दो श्रेणियों में शामिल किया गया है. यह पुरस्कार समारोह 12 सितंबर को लंदन आयोजित किया जाएगा.



भारत के इस तेज गेंदबाज के अलावा पांच अन्य क्रिकेटर इंग्लैंड के जोनाथन ट्राट और ग्रीम स्वान, दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स और हाशिम अमला तथा आस्ट्रेलिया के शेन वाटसन को तीन अलग-अलग श्रेणियों में नामित किया गया.



नामांकित हुए खिलाडि़यों की लंबी सूची में जहीर का नाम सर गारफील्ड सोबर्स ट्राफी के लिये साल के सर्वश्रेष्ठ आईसीसी क्रिकेटर पुरस्कार के अलावा वर्ष के टेस्ट खिलाड़ी और वर्ष के वनडे खिलाड़ी के वर्ग में शामिल किया गया है.



तेंदुलकर और द्रविड़ भी वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर और वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर की सूची में हैं जबकि धोनी को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी और एलजी पीपुल्स च्वाइस पुरस्कार के वर्ग में नामांकित किया गया है. इस साल के आईसीसी पुरस्कारों में नामांकित खिलाडि़यों में अन्य भारतीय क्रिकेटर इशांत शर्मा (वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट खिलाड़ी), हरभजन सिंह (वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट खिलाड़ी), गौतम गंभीर (वर्ष के सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी), विराट कोहली (वर्ष के सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी), मुनाफ पटेल (वर्ष के सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी), वीरेंद्र सहवाग (वर्ष के सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी), युवराज सिंह (वर्ष के सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी), झूलन गोस्वामी (वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर), पूनम रावत (वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी) और अभिनव मुकुंद (वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी) हैं.



इस साल के आईसीसी पुरस्कारों में 10 व्यक्तिगत पुरस्कारों के अलावा वर्ष की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट और वनडे टीमों का चयन की ट्राफी भी शामिल होगी तथा उस टीम को भी पुरस्कार दिया जायेगा जिसने अच्छी खेल भावना का परिचय दिया हो.



दूसरी बार इनमें एलजी पीपुल्स च्वाइस पुरस्कार भी दिया जायेगा जिसका चयन दुनिया के क्रि केट प्रशंसकों द्वारा आनलाइन वोटिंग के जरिये किया जायेगा. इस सूची में जोनाथन ट्राट, धोनी, क्रिस गेल, कुमार संगकारा और हाशिम अमला शामिल हैं. प्रशंसकों के पास 25 अगस्त तक डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट एलजीपीपुल्सच्वाइस डाट काम पर अपनी पसंद के लिये वोट देने का मौका है.



आईसीसी के मुख्य कार्यकारी हारून लोर्गट ने एक बयान में कहा कि एलजी आईसीसी पुरस्कार आईसीसी के लिये और क्रिकेट प्रशंसकों के साथ दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाडि़यों के शानदार प्रदर्शन को पुरस्कृत करने का बेहतरीन मौका मुहैया कराते हैं.



इन पुरस्कारों का चयन पांच लोगों के चयन पैनल ने किया है जिसकी अगुवाई वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और आईसीसी क्रिकेट समिति के मौजूदा अध्यक्ष क्लाइव लायड कर रहे हैं. इसमें पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी माइक गैटिंग, डैनी मोरिसन, पाल एडम्स और जहीर अब्बास शामिल हैं.



स्पिरिट आफ क्रिकेट पुरस्कार सभी अंतरराष्ट्रीय कप्तानों के अलावा आईसीसी अंपायरों के एमिरेट्स एलीट पैनल और आईसीसी मैच रैफरियों के एमिरेट्स एलीट पैनल के सभी सदस्यों द्वारा चुना जायेगा. वर्ष के सर्वश्रेष्ठ अंपायर का चयन कप्तानों और मैच रैफरियों द्वारा अंपायरों के प्रदर्शन के आंकड़ों के आधार पर किया जायेगा.



एलजी आईसीसी पुरस्कार 2011 में खिलाडि़यों और अधिकारियों के 11 अगस्त 2010 से तीन अगस्त 2011 तक के प्रदर्शन को ध्यान में रखा जायेगा जिसमें हाई प्रोफाइल टूर्नामेंट जैसे भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में आयोजित किया गया आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईसीसी इंटरकांटिनेंटल कप फाइनल, कई आईसीसी विश्व क्रि केट लीगें और कई द्विपक्षीय टेस्ट और वनडे श्रृंखलाएं शामिल हैं.



पिछली बार इन पुरस्कारों का कार्यक्रम लंदन (2004), सिडनी (2005), मुंबई (2006), जोहानिसबर्ग (2007 और 2009), दुबई (2008) और बेंगलूरू (2010) में किया गया था.

Posted by राजबीर सिंह at 4:59 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh