टीम इंडिया ने बढ़ाये 4-0 से हार की और कदम
क्रिकेट, खेल, ताजा खबरें, ETOI 9:04 pm
इंग्लैंड द्वारा पहली पारी 591 रनों पर घोषित करने के बाद भारत की पहली पारी 300 रनों पर सिमट गई।
इस प्रकार भारत इंग्लैंड की पहली पारी से 291 रन पीछे रह गया। फॉलोआन खेलते हुए भारत ने अपनी दूसरी पारी में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 129 रन बना लिए थे। सचिन तेंदुलकर 35 रन और अमित मिश्रा 8 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारतीय टीम पहली पारी में द्रविड़ के नाबाद 146 रनों की बदौलत मौजूदा श्रृंखला में पहली बार 300 रन के आंकड़े को छूने में सफल रही। द्रविड़ ने इस दौरान शतकों के मामले में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा को पीछे छोड़ दिया।
उन्होंने 168 गेंदों पर करियर का 35वां शतक लगाया। टेस्ट क्रिकेट में गावस्कर और लारा के नाम 34-34 शतक हैं। इसके साथ ही द्रविड़ टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारत की ओर से चौथे दिन की शुरुआत तीसरे दिन शनिवार को नाबाद लौटे बल्लेबाज द्रविड़ (57) और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (5) ने की। भारत ने तीसरे दिन पांच विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाए थे।द्रविड़ और धौनी ने चौथे दिन की शुरुआत सम्भलकर की। धौनी अपने कल के व्यक्तिगत स्कोर में अभी 15 रन जोड़े थे कि तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने उन्हें विकेट कीपर मैट प्रायर के हाथों कैच करा दिया। धौनी ने 50 गेंदों पर दो चौके लगाए। आउट होने से पहले धौनी ने द्रविड़ के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 42 रन जोड़े।
भारत का सातवां विकेट अमित मिश्रा के रूप में गिरा। टिम ब्रेसनन की गेंद पर इयान बेल को कैच थमाने से पहले मिश्रा (43) ने द्रविड़ के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 87 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
गौतम गम्भीर (10) को तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने केविन पीटरसन के हाथों लपकवाया। गम्भीर ने द्रविड़ के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 40 रन जोड़े। इसके बाद रुद्रप्रताप सिंह 25 रन बनाए जबकि शांताकुमारन श्रीसंत बिना कोई रन बनाए आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से ब्रेसनन और ग्रीम स्वान ने तीन-तीन विकेट झटके जबकि एंडरसन और ब्रॉड के खाते में दो-दो विकेट आए।
उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी तीसरे दिन 6 विकेट पर 591 रन पर घोषित की। इंग्लैंड की ओर से बेल ने शानदार 235 रन बनाए जबकि पीटरसन ने 175 रन का योगदान दिया।
चार मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम 0-3 से पिछड़ी हुई है। शीर्ष वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज गंवाने के बाद भारतीय टीम सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरी है लेकिन अब तक के खेल को देखकर यही लग रहा है कि उसका इरादा मजबूत नहीं है।
भारत को टेस्ट रैंकिंग में दूसरा स्थान बरकरार रखने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना या ड्रा कराना होगा। भारत यदि यह मैच हार जाता है तो वह 117 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक जाएगा जबकि जीत की स्थिति में वह 120 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बरकरार रहेगा।
भारतीय टीम इस मुकाबले को ड्रॉ करा लेती है तो वह 119 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज रहेगी जबकि इंग्लिश टीम इस मुकाबले को जीत लेती है तो वह 125 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत कर लेगी। भारत ने इस मैदान पर अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें एक में उसे जीत मिली है वहीं दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। सात मुकाबले ड्रा रहे हैं।