चित्रांगदा सिंह की जगह जेकलीन फर्नाडीज होंगी 'क्रिश 3' में

फिल्म 'क्रिश 3' में अभिनेत्री जेकलीन फर्नाडीज ने अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह की जगह ले ली है.

वैसे तो फिल्म के निर्माता राकेश रोशन और चित्रांगदा दोनों की ही ओर से कहा गया है कि इसकी वजह तारीखों का न मिलना था लेकिन ऐसा समझा जा रहा है कि इसके पीछे कोई और कारण है.

जब चित्रांगदा से इस सम्बंध में सम्पर्क किया गया तो उन्होंने कहा, ‘मैं सिर्फ इतना कह सकती हूं कि तारीखों को लेकर परेशानी थी. मैंने समय निकालने की कोशिश की लेकिन ऐसा नहीं हो सका.’

दूसरी ओर रोशन ने कहा, ‘हम अक्टूबर में निर्माण शुरू करना चाहते थे और उसी के अनुसार शूटिंग तारीखें थीं लेकिन अब दिसम्बर में फिल्म शुरू होगी. चित्रांगदा ने दिसम्बर-जनवरी में शूटिंग के लिए तारीखें निकालने का पूरा प्रयास किया लेकिन मुझे लगता है कि उनकी कुछ पारिवारिक प्रतिबद्धताएं थीं. इसलिए वह ऐसा नहीं कर सकीं. मुझे दूसरी अभिनेत्री को लेना पड़ा.’

वहीं एक सूत्र का कहना है कि चित्रांगदा फिल्म में अपनी भूमिका के साथ सहज नहीं थीं.

सूत्र ने बताया, ‘शुरुआत में चित्रांगदा इस भूमिका के प्रति बहुत उत्साहित थीं. उन्होंने अपनी भूमिका से सम्बंधित विषय पर खूब पढ़ना शुरू कर दिया था और शारीरिक रूप से खुद को इसके लिए तैयार कर रही थीं.

कपड़ों, मेकअप, हाव-भाव, चाल-ढाल और बोलने के तरीके पर भी विचार-विमर्श हुआ. उन्होंने मार्शल आर्ट्स में प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया था और स्काईडाइविंग सीखने के लिए अमेरिका चली गई थीं.’

सूत्र के मुताबिक फिल्म में कुछ ऐसे दृश्य फिल्माए जाने थे जिन्हें लेकर चित्रांगदा असहज हो गई थीं.

जेकलीन हाल ही में 'मर्डर 2' में नजर आई थीं और वह 'क्रिश 3' की इस भूमिका के लिए आसानी से तैयार हो गईं.

Posted by राजबीर सिंह at 7:41 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh