क्या आज सीबीआई के सामने पेश होंगे बालकृष्ण ?
आध्यात्म, उत्तराखंड, एन सी आर, ताजा खबरें, देश-विदेश 9:28 pm
दस्तावेजों के मुताबिक बालकृष्ण के फर्जीवाड़े का खुलासा 6 साल पहले हो गया था। वेबसाईट के हाथ लगे दस्तावेजों से साफ होता है कि बालकृष्ण के फर्जीवाड़े का खुलासा 6 साल पहले ही हो गया था, लेकिन उत्तराखंड पुलिस ने उस वक्त कोई कार्रवाई नहीं की।
अब सीबीआई इस मामले में उतराखंड के एक डीएम सहित उन लोगों के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है जिन्होंने इस दस्तावेज को दबा दिया और बालकृष्ण की मदद की।गौरतलब है कि बाबा रामदेव के सहयोगी बालकृष्ण पतंजलि योगपीठ का सारा कारोबार देखते हैं।
दस्तावेजों की मानें तो उन्होंने फर्जीवाड़े से न केवल पासपोर्ट बनवा लिया बल्कि विदेश यात्रा भी कर ली और दो दो हथियार तक खरीद लिए। फर्जीवाड़े की ये कहानी उतराखंड पुलिस छह साल से जानती है। दस्तावेजों के मुताबिक बालकृष्ण के फर्जीवाड़े के बारे में हरिद्वार के जिला अभियोजन अधिकारी ने 5 अगस्त 2005 को एसएसपी को एक खत लिखा था। इस खत में बालकृष्ण के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश भी की गई थी, लेकिन पुलिस ने कभी बालकृष्ण के खिलाफ कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई।
मालूम हो कि अभियोजन अधिकारी ने एसएसपी को लिखे खत में बालकृष्ण के पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा किया था और मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश भी की थी। वहीं, उतराखंड पुलिस का कहना है कि जिला अभियोजन अधिकारी की रिपोर्ट के बारे में उसे नहीं मालूम। सीबीआई मामले की जांच कर रही है।आईबीएन7 के हाथ लगे जिला अभियोजन अधिकारी के उस खत में साफ-साफ लिखा है कि बालकृष्ण नेपाली नागरिक हैं औऱ उन्होंने खुद को भारतीय नागरिक तथा जन्मस्थान हरिद्वार बताते हुए 29 अप्रैल 1998 को बरेली पासपोर्ट कार्यालय से पासपोर्ट बनवा लिया।
इस पासपोर्ट पर बालकृष्ण ने विदेश यात्रा भी की और गलत तथ्य दिखाकर शस्त्र लाइसेंस भी बनवा लिया और इस लाइसेंस पर एक पिस्टल और एक राइफल भी खरीद ली। गौरतलब है कि ये खत 6 साल से उतराखंड पुलिस की फाइल में धूल फांक रहा है। सीबीआई इस सिलिसिले में उतराखंड के एक डीएम सहित एक दर्जन लोगों के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है ।
आपको बता दें कि फर्जी पास्पोर्ट मामले में सीबीआई ने बालकृष्ण को बृहस्पतिवार को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। लेकिन, बालकृष्ण ने सीबीआई से नोटिस का जवाब देकर 20 दिन का समय मांगा था, लेकिन सीबीआई ने बालकृष्ण को शुक्रवार को हाजिर होने को कहा है।
आज नहीं पेश होंगे बालकृष्ण : बाबा रामदेव
इधर गुरूवार को बाबा रामदेव ने हरिद्वार में एक प्रेस कांफ्रेस कर बताया कि बालकृष्ण कहीं भागे नहीं है, वह आश्रम में ही हैं। बाबा ने कहा कि बालकृष्ण शुक्रवार को सीबीआई के सामने पेश होंगे। उन्होंने कहा हमारे वकील फिलहाल यहां उपलब्ध नहीं हैं इसलिए जब वह आ जाएंगे तो वे सीबीआई के सामने पेश होंगे।