निशंक की छुट्टी, खंडूरी दोबारा बनेंगे उत्तराखंड के सीएम

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी ने शनिवार को घोषणा की कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूड़ी राज्य का नेतृत्व करेंगे।

ज्ञात हो कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने पर खंडूड़ी वर्ष 2007 में मुख्यमंत्री बने। इसके बाद वर्ष 2009 में उनकी जगह रमेश पोखरियाल 'निशंक' को मुख्यमंत्री बनाया गया और अब खंडूड़ी एक बार फिर मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करेंगे।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी नेता रविशंकर प्रसाद और राज्य में चुनाव प्रभारी राजनाथ सिंह रविवार को उत्तराखण्ड जाएंगे और निशंक के इस्तीफे के बाद वे एक नए मुख्यमंत्री का औपचारिक रूप से चुनाव के लिए विधायक दल से मिलेंगे।

ज्ञात हो कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व शनिवार को पोखरियाल से मिला और उनके ऊपर भ्रष्टाचार के लगे आरोपों के मद्देनजर उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ने के लिए कहा।

सूत्रों ने हालांकि बाताया कि पोखरियाल को भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते पद छोड़ने के लिए कहा गया जबकि निशंक का बचाव करते हुए गडकरी ने कहा कि निशंक के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है।

गडकरी ने कहा कि उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से जब पार्टी ने कहा कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का फैसला लिया गया है तो उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया।

सूत्रों ने बताया कि पार्टी निशंक के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है और उसने सोचा कि उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से आगामी विधानसभा चुनाव में उसे नुकसान हो सकता है। बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के अलावा लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली, राजनाथ सिंह, धर्मेद्र प्रधान और थवर चंद गहलोत शामिल हुए।

Posted by राजबीर सिंह at 11:55 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh