तिहाड़ जेल:कैदी भाइयों को देख बहनें हुई भावुक, मनाया रक्षाबंधन

रक्षाबंधन पर दिल्ली की तिहाड़ जेल का माहौल शनिवार को भावुक हो गया.

जब रक्षाबंधन के मौके पर हजारों कैदियों की कलाइयों पर उनकी बहनों ने राखियां बांधकर भविष्य में अपराध से दूर रहने का वचन लिया.

तिहाड़ जेल के प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने कहा कि देश के सबसे बड़े करागार में 12,500 से अधिक लोगों ने यहां पहुंचकर लगभग 4,500 कैदियों को राखियां बांधी.

जेल में बंद अपने परिवार के सदस्यों से कई महीनों बाद मिलने की वजह से लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े. इस दौरान कई कैदियों ने अपने परिजनों से भविष्य में अपराध से दूर रहने का वादा किया.

रक्षाबंधन के मौके पर तिहाड़ जेल में महिला कैदियों ने तरह-तरह की राखियां और मिठाइयां तैयार की थी. तिहाड़ में बनी राखियां यहां आने वाले आगुन्तकों को बेची गईं.

गुप्ता ने कहा, इस खास मौके पर कैदियों के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे. कैदियों को अपने परिजनों से मुलाकात करने की विशेष अनुमति भी दी गई. उन्हें जेल के भीतर ही कम कीमतों पर राखी और मिठाइयां मुहैया कराई गईं.

गौरतलब है कि रक्षाबंधन ही एक ऐसा दिन है जब तिहाड़ में बंद कैदियों को अपने परिजनों से आमने-सामने मिलने की अनुमति दी जाती है.

Posted by राजबीर सिंह at 9:10 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh