राशि के अनुसार राखी का चयन करें तो और भी शुभ होगा "रक्षा बंधन"
ज्योतिष, ताजा खबरें 12:20 am
रक्षा बंधन का त्योहार 13 अगस्त, शनिवार को है। बाजार में भी इस पर्व की रौनक देखी जा सकती है। भाई अपनी बहनों के लिए तोहफे ले रहे हैं वहीं बहनें अपने भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए सुंदर राखियां पसंद कर रही हैं।ज्योतिष के अनुसार यदि बहनें अपने भाइयों के लिए राशि के अनुसार राखी का चयन करें तो और भी शुभ रहता है क्योंकि शुभ रंगों से युक्त राखियां निश्चित रूप से जीवन में सुख-समृद्धि व खुशियां लेकर आएंगी। राशि के अनुसार भाइयों की कलाई पर कौन से रंग की राखी शुभ रहेगी, इसकी जानकारी इस प्रकार है-
मेष- यदि आपके भाई की राशि मेष है तो आप लाल रंग की राखी बांधें इससे आपके भाई के जीवन में उत्साह का संचार होगा। केसरिया व पीली राखी भी शुभ रहेगी। केसर का तिलक लगाएं तथा वस्त्र या रूमाल पीले रंग का भेंट करें।
वृषभ- जिनकी राशि वृषभ है उनकी बहनें नीले रंग का रक्षा सूत्र बांधें। चांदी की राखी भी बांध सकते हैं। रोली का तिलक लगाएं तथा सफेद रंग का रूमाल भेंट करें।
मिथुन- इस राशि के लोगों के लिए हरे रंग की व चंदन से निर्मित राखी विशेष शुभ रहेगी। इससे इनके जीवन में खुशहाली आएगी। हल्दी का तिलक लगाएं और गहरे हरे रंग का रूमाल भेंट करें।
कर्क- यदि आपके भाई की राशि कर्क है तो सफेद रेशमी धागे व मोती से निर्मित राखी आपके स्नेह को और अधिक सौम्य बनाएगी। तिलक चंदन का हो तो बेहतर रहेगा। रूमाल का रंग क्रीम या हल्का पीला रखें।
सिंह- केसरिया, लाल व गुलाबी रंग की राखी शुभ रहेगी। इससे जीवन में सुख-समृद्धि मिलेगी। हल्दी मिश्रित रोली के तिलक लगाएं। हरा अथवा गुलाबी रंग का रूमाल अपने भाई को भेंट करें।
कन्या- यदि आपके भाई की राशि कन्या है तो सफेद रेशमी रंग की या हरे रंग की राखी आपके बंधन को अटूट बनाएगी। हल्दी व चंदन के मिश्रण से तिलक करें। रूमाल सफेद या ग्रे रंग का भेंट करें।
तुला- जिनकी राशि तुला है उनके लिए फीरोजी अथवा जामुनी रंग की राखी वर्ष भर नकारात्मक प्रभावों को दूर रखेगी। केसर का तिलक करें व सफेद रंग का रूमाल दें।
वृश्चिक- इस राशि के लोगों के लिए लाल रंग की राखी शुभ रहेगी। मोती युक्त राखी जीवन में खुशियां लेकर आएंगी। अपने भाई को रोली का तिलक लगाएं व क्रीम रंग का रूमाल भेंट करें।
धनु- पीले रेशमी रंग की राखी का प्रयोग करें। चंदन की राखियां जीवन भी महका सकती हैं। हल्दी व कुमकुम का तिलक करें। रूमाल सुर्ख लाल रंग का भेंट करें।
मकर- गहरे रंगों की राखी इस राशि के लोगों की अशुभता से रक्षा करेगी। केसर का तिलक लगाएं व रूमाल सफेद रंग का हो तो बेहतर रहेगा।
कुंभ- यदि आपके भाई की राशि कुंभ है तो रुद्राक्ष से निर्मित राखी शुभ फलदाई रहेगी। हल्दी का तिलक करें। रूमाल का रंग फीरोजी या आसमानी नीला शुभ रहेगा।
मीन- पीले एवं सफेद रंग की राखी इस राशि के लोगों के शुभ प्रभाव में वृद्धि करेगी। हल्दी का तिलक लगाएं व रूमाल सफेद रंग का भेंट करें।