गंगोत्री तथा बद्रीनाथ मार्ग वर्षा के कारण आज भी बंद रहे
उत्तराखंड, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 6:20 am
राज्य के गढवाल मंडल स्थित चार धामों में दो धाम गंगोत्री तथा बद्रीनाथ मार्ग गुरुवार को भी बंद रहे. हालांकि केदारनाथ तथा यमुनोत्री के मार्गों पर वाहनों का आवागमन जारी है.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रूद्रप्रयाग जिले के जूलीबागड तथा देवलीघाट के पास आज सडक पर पहाडी से मलबा आ जाने के चलते बद्रीनाथ मार्ग को फिलहाल बंद करना पडा. मार्ग पर सैकडों की संख्या में वाहनों को फंसे हुये देखा गया.
सूत्रों के अनुसार इसी तरह गंगोत्री मार्ग पर सूनागढ, सूखीटाप, नागू तथा थिरांग के पास आज सुबह पहाडी से मलबा आ गया जिससे गंगोत्री मार्ग को भी बंद करना पडा है.
सूत्रों ने बताया कि दो धाम मार्ग के अतिरिक्त राज्य के कई संपर्क मार्गों पर पहले से आये मलबे के चलते यातायात शुरू नहीं हो सका है.
प्राकृतिक आपदा की आशंका को देखते हुये सभी जिलों में अति सतर्क रहने को कहा गया है.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में हालांकि आज वर्षा का प्रकोप कम रहा लेकिन पहले से आये मलबे और सडकों के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड रहा है.
सूत्रों ने बताया कि भारी वर्षा से सकनीघाट के पास मलबा आने से बंद हो गये ऋषिकेश श्रीनगर मार्ग को आज यातायात के लिये खोल दिया गया है. इसके अतिरिक्त करीब 150 की संख्या में संपर्क मागो’ पर अभी भी यातयात ठप पडा हुआ है .
सूत्रों के अनुसार सभी मागरे पर लगातार मलवे को साफ करने का कार्य किया जा रहा है .
राज्य के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने आपदा और अन्य आवश्यक विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि आपदा राहत कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाये . उन्होने कहा कि लापरवाही करने वाले अधिकारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जायेगा .