एयर इंडिया नए मार्गो पर उड़ानों का संचालन करेगी

केंद्र सरकार ने कहा कि सही अवसर आने पर विमानन कम्पनी एयर इंडिया नए मार्गो पर उड़ानों का संचालन करेगी.

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री वायलार रवि ने एक औद्योगिक कार्यक्रम में कहा, ‘अवसर मिलने पर हम नए मार्गो के बारे में फैसला लेंगे.’

रवि के मुताबिक विमानन कम्पनी के वित्तीय पुनर्गठन की योजना की समीक्षा के लिए बनी समिति की रिपोर्ट केंद्रीय वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाले मंत्रियों के समूह को मिलने के बाद इस योजना पर कार्य शुरू किया जाएगा.

मंत्रियों के समूह की अगली बैठक सितम्बर मध्य में होगी.

मंत्रियों के समूह ने हाल ही में विमानन कम्पनी को सरकारी तेल कम्पनियों से उधार पर तेल खरीदने की अवधि दो से तीन महीनों के लिए बढ़ा दी थी.

इन तेल कम्पनियों का विमानन कम्पनी पर 2,300 करोड़ रुपये बकाया है, जबकि विमानन कम्पनी रोजाना इनसे 17 करोड़ रुपये का तेल खरीदती है.

भुगतान करने में विमानन कम्पनी की असमर्थता और विमान ईंधन की कीमत बढ़ने के कारण तेल कम्पनियों ने मई के अंत में एयर इंडिया को तेल की आपूर्ति घटा दी थी.

इस कारण विमानन कम्पनी को 27 मई से दो जून के बीच कुल 147 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थी. इससे कम्पनी को तब 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था.

विमानन कम्पनी का अभी तक का कुल नुकसान 22,165 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है.

इसके अलावा कम्पनी ने नए विमान खरीदने के लिए 22,000 करोड़ रुपये का कर्ज भी लिया है.

Posted by राजबीर सिंह at 6:30 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh