अनशन रोकने के लिए जोर-जबरदस्ती की गई तो जल भी त्याग दूंगा: अन्ना हजारे

नई दिल्ली। सख्त लोकपाल बिल की मांग को लेकर 16 अगस्त से अनशन पर बैठ रहे अन्ना हजारे ने सरकार को चेताया है कि अगर उनका अनशन रोकने के लिए किसी तरह की जोर-जबरदस्ती की गई तो वे अन्न के साथ-साथ जल भी त्याग देंगे।



अन्ना की टोली ने दावा किया है कि अन्ना के अनशन के साथ ही 16 अगस्त से देश भर में क्रमिक अनशन और आंदोलन शुरू हो जाएगा। उधर, जेपी पार्क में अन्ना के अनशन के लिए केंद्रीय लोकनिर्माण विभाग ने अभी तक हरी झंडी नहीं दी है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने यहां अनशन की इजाजत दे दी है।

अन्ना की टीली जोश में है। देश भर से समर्थन की मिल रही खबरों ने उसका हौसला बढ़ाया है। गुरुवार की सुबह 22 सदस्यों वाली कोर कमेटी की लगभग साढ़े चार घंटे चली बैठक में तय किया गया कि आंदोलन को राष्ट्रव्यापी स्वरूप दिया जाएगा। इसी के साथ अन्ना ने सरकार को चेताया कि अगर अनशन तुड़वाने के लिए जबरदस्ती की गई तो अंजाम गंभीर होंगे।

अन्ना की टोली ने लोगों को आगाह किया कि सरकार के इशारे पर शरारती तत्व आंदोलन को बदनाम करने के लिए हिंसा कर सकते हैं। लेकिन अन्ना का आंदोलन हर हाल में अहिंसक ही रहेगा। लोगों से 15 अगस्त की शाम 8 से 9 के बीच बिजली बंद करके आंदोलन का समर्थन करने की अपील की गई है।

इसी के साथ उन खबरों को गलत बताया गया है जिनमें कहा गया था कि स्वामी अग्निवेश प्रधानमंत्री और न्यायपालिका को लोकपाल के दायरे से बाहर रखने पर सहमत हैं। दावा किया गया कि ना अन्ना की टोली में कोई मतभेद है और न ही सरकार से समझौते की कोई गुंजाइश। ये आजादी की दूसरी लड़ाई की शुरुआत है।

योजना के मुताबिक अन्ना हजारे 15 अगस्त की शाम 7 बजे देश के नाम संदेश जारी करेंगे। इसके बाद दिल्ली के जेपी पार्क में 16 अगस्त की सुबह से आमरण अनशन शुरू हो जाएगा। इधर, आंदोलन के समर्थन में दिल्ली में जगह-जगह कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में नुक्कड़ नाटक के जरिये अन्ना के समर्थन की अपील की गई। बड़ी तादाद में छात्र और युवा अन्ना के समर्थन में नजर आ रहे हैं।

Posted by राजबीर सिंह at 4:08 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh