अन्ना हजारे के समर्थन में रांची में पचास कैदी अनशन पर

भ्रष्टाचार के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के अनशन के समर्थन में शनिवार को रांची में पचास कैदी भी अनशन पर बैठ गये.

अन्ना हजारे के दिल्ली में चल रहे अनशन का जादू झारखंड में भी इस कदर चल रहा है कि रांची में शनिवार सुबह बिरसा मुंडा कारागार के पचास कैदी भी उनके समर्थन में अनशन पर बैठ गये.

कारागार के अधीक्षक दिलीप कुमार प्रधान ने बताया कि डेढ़ सौ कैदियों ने शनिवार को उन्हें अन्ना हजारे के समर्थन में अनशन करने का आवेदन दिया था, लेकिन सूचना देर से मिलने के कारण और भोजन तैयार हो जाने के कारण पचास कैदी ही शनिवार को अनशन पर बैठ सके.

उन्होंने बताया कि इन कैदियों को एक अलग वॉर्ड में स्थान दे दिया गया है, जिससे वह अपना अनशन कर सकें.

यह पूछे जाने पर कि क्या अनशन की प्रेरणा जेल प्रशासन ने उन्हें दी थी, प्रधान ने कहा कि यह निर्णय कैदियों का अपना है और जेल प्रशासन की इसमें कोई भूमिका नहीं थी.

उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल प्रशासन को उनके अनशन पर कोई एतराज भी नहीं है, क्योंकि यह अच्छा कार्य है. बिरसा जेल में बंद तीन हजार से अधिक कैदियों में शनिवार को अनशन की सुगबुगाहट सुबह से ही थी और अनशन करने वाले कैदियों की संख्या बढ़ने की संभावना है.

Posted by राजबीर सिंह at 6:21 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh