ओवल टेस्ट: टीम इंडिया की कमजोर गेंदबाजी पर इंग्लैंड का प्रहार
क्रिकेट, खेल, ताजा खबरें, ETOI 7:37 pm
खेल के दूसरे दिन भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड के बल्लेबाजों को रन बनाने से रोकने में तो असफल रहे ही और विकेट ले भी सके तो सिर्फ तीन।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 457 रन बना लिए थे। बेल 181 रन बनाकर नाबाद हैं तो दूसरी छोर पर नाइट वाचमैन के रूप में आए जेम्स एंडरसन तीन रन बनाकर मैदान पर डटे हुए हैं।
शुक्रवार के खेल में इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाए। पहला विकेट एलिस्टर कुक का, दूसरा एंड्रयू स्ट्रॉस का और तीसरा पीटरसन का। पीटरसन ने आउट होने से पहले 175 रनों की शनदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 232 गेंदों का सामना किया और 27 चौके लगाए। उन्हें सुरेश रैना ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर आउट किया।
बेल अभी भी 181 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने 304 गेंदों का सामना किया और 17 चौके तथा दो छक्के लगाए। दोनों के बीच 350 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। इस प्रकार इंग्लिश क्रिकेट टीम ने केनिंग्टन ओवल मैदान पर जारी चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
पीटरसन 97 रन के कुल योग पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। उस समय कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस का विकेट गिरा था, जो 40 रन बनाकर शांताकुमारन श्रीसंत की गेंद पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों लपके गए थे। इससे पहले, इशांत शर्मा मे एजबेस्टन टेस्ट में 294 रनों की शानदार पारी खेलने वाले एलिस्टर कुक (34) को दिन का खेल शुरू होने के साथ ही आउट किया था।
कुक का विकेट 75 रनों के कुल योग पर गिरा। इशांत ने कुक को पहले दिन के निजी योग पर ही आउट कर दिया। कुक ने पहले दिन की समाप्ति तक 34 रन बनाए थे। कुक ने 87 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके लगाए। पहले दिन के पहले सत्र में खेल बिना किसी रुकावट के चला था लेकिन इसके बाद आई बारिश ने बाकी के सत्रों का खेल धो दिया था। बारिश की आंख मिचौली के बीच आखिरकार अम्पायरों ने भारतीय समयानुसान रात 9.40 बजे खेल खत्म करने की घोषणा की थी।
चार मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम 0-3 से पिछड़ी हुई है। शीर्ष वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज गंवाने के बाद भारतीय टीम सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरी है लेकिन पहले सत्र के खेल को देखकर यही लग रहा है कि उसका इरादा मजबूत नहीं है।
भारत को टेस्ट रैंकिंग में दूसरा स्थान बरकरार रखने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना या ड्रॉ कराना होगा। भारत यदि यह मैच हार जाता है तो वह 117 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक जाएगा जबकि जीत की स्थिति में वह 120 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बरकरार रहेगा।
भारतीय टीम इस मुकाबले को ड्रॉ करा लेती है तो वह 119 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज रहेगी जबकि इंग्लिश टीम इस मुकाबले को जीत लेती है तो वह 125 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत कर लेगी।
भारत ने इस मैदान पर अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें एक में उसे जीत मिली है वहीं दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। सात मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।