अन्ना हजारे के अनशन के मद्देनजर जेपी पार्क की सुरक्षा बढ़ाई गयी

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के अनशन से दो दिन पूर्व जेपी पार्क की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.



स्वतंत्रता दिवस समारोहों की पूर्व संध्या और भष्ट्राचार के विरुद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के प्रस्तावित अनशन से दो दिन पूर्व रविवार को दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली स्थित अनशन स्थल जय प्रकाश नारायण पार्क के सभी पांचों प्रवेशद्वारों को बंद कर दिया है तथा पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है.



एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "पार्क में पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है, क्योंकि यह सोमवार को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री एवं प्रतिनिधियों के रास्ते में पड़ता है."



प्रवेशद्वारों को रस्सियों से बंद कर दिया गया है तथा सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. एक प्रवेशद्वार पर तैनात एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "दो दिनों तक किसी को पार्क में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी."



रविवार को दोपहर बाद पार्क में बम निरोधक दस्ते के कर्मियों को देखा गया. अधिकारी ने कहा, "वे सुरक्षा कारणों से यहां आए हैं."



अधिकारी ने कहा कि उन्हें आदेश मिला है कि 'अगले आदेश' तक किसी को पार्क में प्रवेश करने दिया जाए.

उन्होंने कहा, "मंगलवार सुबह आदेश में परिवर्तन हो सकता है."



गौरतलब है कि सरकार के लोकपाल विधेयक के खिलाफ अन्ना हजारे की 16 अगस्त से इसी पार्क में अनशन करने की योजना है. टीम अन्ना ने शनिवार को अपना संकल्प प्रकट किया कि वह प्रदर्शन करेगी तथा आंदोलन की अनुमति के लिए पुलिस द्वारा रखी गई 22 शर्तो में से दो को खारिज कर दिया.



पुलिस ने टीम अन्ना को इस पार्क में सिर्फ तीन दिन प्रदर्शन करने की अनुमति दी है तथा यह भी कहा है कि 4,000-5,000 से अधिक लोगों की भीड़ जुटने दी जाए. टीम अन्ना ने इन दो शर्तो को मानने से इंकार कर दिया.



उल्लेखनीय है कि अन्ना हजारे ने शनिवार को प्रदर्शन पर प्रतिबंधों की निंदा की और कहा कि यह 'अस्वीकार्य' तथा 'असंवैधानिक' है.

Posted by राजबीर सिंह at 8:31 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh