अफगानिस्तान में आतंकवादी हमले में 19 की मौत

अफगानिस्तान के उत्तरी परवान प्रांत के गवर्नर कार्यालय पर रविवार को हुए आतंकवादी हमले में 19 लोग मारे गए.

कई अन्य घायल हो गए.बीबीसी के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि काबुल के उत्तर पश्चिम स्थित प्रांतीय राजधानी चारिकर में जोरदार विस्फोटों के बाद गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं.

गवर्नर अब्दुल सालंगी ने परिसर के अंदर मीडिया को बताया कि करीब छह आत्मघाती हमलावरों ने हमला किया. हमला कई घंटों तक चला. उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है. तालिबानी आतंकवादियों ने हमले की जिम्मेदारी ली है.

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है. अस्पताल प्रभारी ने कहा, चारिकर अस्पताल में 16 शव और 29 घायल लाए गए हैं. इसमें पुलिसकर्मी और नागरिक शामिल हैं.

अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे के ठीक बाद आतंकवादियों ने हमला बोल दिया. एक आत्मघाती कार बम विस्फोट के बाद आत्मघाती जैकेट पहने पांच अन्य आतंकवादी परिसर में घुस गए.

परवान प्रांत के पुलिस प्रमुख शेर मोहम्मद मलदानी ने कहा, पांच आतंकवादी हमलावर, परिसर में घुसे और वहां मुठभेड़ शुरू हो गई. परिसर के अंदर पांच विस्फोट हुए. तीन विस्फोट गवर्नर कार्यालय से 15 मीटर दूर स्थित इमारत के अंदर हुए.

हमले के समय परिसर के अंदर सुरक्षा प्रमुखों की स्थानीय पुलिस के साथ बैठक चल रही थी. बैठक में खुफिया प्रमुख व अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन के सलाहकार भी उपस्थित थे.

अफगानिस्तान की स्वतंत्र समाचार एजेंसी, ‘पझवोक' के अनुसार, हमले की चपेट में आए अधिकांश पीड़ित गवर्नर हाउस में अपने राष्ट्रीय पहचान पत्र लेने आए थे.

आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता सिद्दीक सिद्दीकी ने कहा कि हमलावर अपने लक्ष्य तक पहुंच पाते इसके पहले ही उन्हें मार गिराया गया.

मलदानी के अनुसार, बैठक में दो अमेरिकी सैन्य अधिकारी हिस्सा ले रहे थे, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई है. मृतकों व घायलों में अफगानी पुलिस कर्मी और अधिकारी शामिल हैं.

परवान अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण इलाका है. लेकिन संसाधन विहीन पुलिस वहां तालिबान आतंकवादियों से तथा अपराध के बढ़ रहे स्तर से जूझ रही है.

Posted by राजबीर सिंह at 8:33 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh