अन्ना का आंदोलन - पहला दिन _ मिनट दर मिनट खबर
ताजा खबरें, देश-विदेश, राजनीति 1:21 am
पूरे देश की नज़र गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे पर टिकी हुई है
थोड़ी ही देर में भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आमरण अनशन शुरू करने वाले हैं।
अन्ना के समर्थन में लोग जमा हो गए है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे है
जानिए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के जीवन के बारें में
यहां हम आपको पल-पल की जानकारी देंगे. फिलहाल दिल्ली पुलिस ने जेपी पार्क और अन्य स्थानों पर कड़ा पहरा लगा दिया है.
अन्ना ने सोमवार शाम पत्रकारों से कहा था कि वो हर हाल में अनशन करेंगे. उन्होंने आजादी के बेमतलब बताते हुए व्यवस्था परिवर्तन की वकालत की और कहा कि जनलोकपाल बिल के बाद भी उनका आंदोलन जारी रहेगा.
अन्ना हजारे के साथ अरविंद केजरीवाल, प्रशांत भूषण , किरण बेदी और स्वामी अग्निवेश भी होंगे. कर्नाटक के लोकायुक्त संतोष हेगड़े के बारे में जानकारी नहीं है.
- 7:39 : कुछ अन्ना समर्थक जो रात में अपने घरों को चले गए थे, फिर से जुटने शुरु हो गए हैं.
- 7:09 : अन्ना के आंदोलन में तिहाड़ जेल के कैदी भी शामिल हो गए. तिहाड़ जेल के कैदियों ने रात का भोजन खाने से इनकार कर दिया.
- 7:07 : अन्ना के समर्थकों ने तिहाड़ जेल के बाहर गीत गाकर काटी पूरी रात.
- 7:04 : अन्ना हजारे की रात तिहाड़ जेल में बीती. जेपी पार्क में जाने की जिद्द पर अड़े अन्ना.
- 0:35 : अन्ना हजारे ने समर्थकों से अपील है कि वह अनशन करने के लिए जेपी पार्क के बजाय तिहाड़ जेल के बाहर पहुंचे.
- 0:14 : अन्ना हज़ारे और उनके साथी कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में अनशन जारी, आराम के लिए कमरा दिया गया.
- 0:13 : अन्ना हजारे के समर्थकों को जेपी पार्क से गिरफ्तार कर छत्रपाल स्टेडियम पहुंचाया जा रहा है. उधर तिहाड़ जेल के बाहर अनशन.
- 0:03 : अन्ना हजारे तिहाड़ जेल के डीजी कार्यालय में बैठकर अनशन कर रहे हैं. रिहाई के बावजूद जेल से बाहर नहीं निकलेंगे.
- 23:54 : अन्ना हज़ारे और उनके साथी कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में ही हैं और वहीं अनशन कर रहे हैं.
- 22:58 : अन्ना हजारे के समर्थकों ने कहा कि अन्ना हजारे की रिहाई तक छत्रसाल स्टेडियम व तिहाड़ जेल के बाहर जमे रहेंगे.
- 22:53 : अग्निवेश ने कहा कि अन्ना हजारे मंगलवार को जेल से बाहर नहीं आएंगे.जब तक जेपी पार्क में बैठने देने का आश्वासन नहीं मिलता है.
- 22:47 : अन्ना हजारे को 24 घंटे भी सलाखों के पीछे नहीं रख पाई सरकार.अन्ना टीम के बाकी सदस्य अभी जेल के अन्दर.
- 22:39 : मनीष सिसोदिया ने कहा कि अन्ना हजारे जब तक जेपी पार्क में बैठने देने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता है,वह बाहर नहीं निकलेंगे.
- 22:37 : मनीष सिसोदिया ने कहा कि अन्ना हजारे के समर्थन में हम सभी जेल के बाहर ही धरना देंगे.
- 22:35 : अन्ना हजारे जेल से नहीं निकलेंगे बाहर.शर्तों के साथ आएंगे.सुबह ने उन्होंने कुछ नहीं खाया है.
- 22:33 : अन्ना हजारे के साथी मनीष सिसोदिया जेल से बाहर आए. उन्होंने बताया कि अन्ना का अनशन जेल में जारी है.
- 22:22 : अन्ना हजारे के रिहा होने को तैयार न होने की बात उच्च अधिकारियों को बता दी गई है. फैसले का इंतजार.
- 22:20 : अन्ना हजारे जेपी पार्क या राजघाट जाने देने की शर्त पर ही रिहा होने को तैयार. आधिकारिक रूप से रिहाई लेकिन बाहर निकलने को तैयार नहीं.
- 22:19 : राहुल गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मुलाकात के बाद अन्ना हजारे की रिहाई का फैसला हुआ.
- 22:17 : दिल्ली में गिरफ्तार सभी करीब डेढ़ हजार अन्ना समर्थक रिहा किए गए.
- 21:52 : दिल्ली के पुलिस कमिश्नर तिहाड़ जेल पहुंचे,उधर महाराष्ट्र में उच्चस्तरीय बैठक.
- 21:44 : अन्ना हज़ारे को दिल्ली से बाहर भेजने की तैयारी,एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ी.एयर फोर्स का विमान तैयार,पुणे भेजे जा सकते हैं!
- 21:39 : अन्ना हज़ारे और उनके साथी कार्यकर्ताओं ने जेल से रिहा होने से किया इंकार.जेपी पार्क जाना चाहते हैं.
- 21:37 : केंद्र सरकार झुकी,दिल्ली पुलिस ने मामला वापस लेने का फैसला किया.
- 21:35 : अन्ना हज़ारे और उनके साथी कार्यकर्ताओं को रात 10 बजे तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया जायेगा.
- 21:33 : उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे पर केंद्र की कार्रवाई आपातकाल की स्थिति की याद दिलाती है.
- 21:32 : दिल्ली पुलिस ने अन्ना हज़ारे और उनके साथी कार्यकर्ताओं की रिहाई का वॉरंट भेजा.
- 19:18 : गृहमंत्री चिदंबरम ने उम्मीद जतायी कि सरकारी कर्मचारी सामूहिक रूप से छुट्टी पर जाने की अन्ना हज़ारे पक्ष की 'गलत अपील' को नहीं मानेंगे.
- 19:08 : किरण बेदी के बाद शांति भूषण को भी रिहा किया गया.
- 18:32 : पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी को हिरासत से रिहा किया गया.
- 18:05 : तिहाड़ जेल के महानिदेशक नीरज कुमार ने कहा कि अन्ना हज़ारे और उनके साथियों को अन्य कैदियों से अलग नये वॉर्ड में रखा गया.
- 17:55 : बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने अन्ना हजारे के समर्थन में शांतिपूर्ण तथा लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरने की अपील की.
- 17:50 : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अन्ना हजारे की गिरफ्तारी ने 'आपातकाल' की याद ताजा कर दी है.
- 17:46 : भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का ऐलान किया.
- 17:44 : अन्ना हजारे के समर्थन में उतरा बालीवुड
- 17:42 : छत्रसाल स्टेडियम अन्ना समर्थकों से भरा, बाकी को बवाना ले जाने की तैयारी.
- 17:31 : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने अन्ना हजारे की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा.
- 17:23 : प्रशांत भूषण ने घोषणा की कि बुधवार अपराह्न चार बजे इंडिया गेट से संसद भवन तक विरोध रैली सहित देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन होंगे.
- 17:20 : चिदंबरम ने कहा कि हज़ारे को आपराधिक दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 और 151 के तहत गिरफ्तार किया गया है.
- 17:11 : कपिल सिब्बल का कांस्टीट्यूशन क्लब के कार्यक्रम में हंगामा
- 16:10 : अन्ना सात दिनों के न्यायिक हिरासत में तिहाड़ भेजे गए
- 15:24 : कमिश्नर को भी नहीं पता कि न्यायिक प्रक्रिया में क्या हुआ..उन्होंने कहा कि अगर अन्ना ने निजी बॉंड नहीं दिया तो उन्हें जेल भेजना होगा.
- 15:24 : अन्ना हजारे डीसीपी दिल्ली पश्चिमी के दफ्तर में हैं.
- 15:21 : कमिश्नर ने भी माना कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन रहा और पुलिस ने भी बल प्रयोग नहीं किया.
- 15:20 : बीके गुप्ता के मुताबिक लगभग 1500 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
- 15:16 : कमिश्नर बीके गुप्ता ने कहा कि टीम अन्ना ने शर्तें नहीं मानी जिसके बाद पुलिस ने अनुमति वापस ले ली
- 15:13 : दिल्ली पुलिस कमिश्नर का प्रेस कॉंफ्रेंस शुरू
- 15:03 : किरण बेदी ने सरकारी बिल को वापस लेने की मांग की
- 15:03 : किरण बेदी ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा
- 14:49 : थोड़ी देर में दिल्ली पुलिस के कमिश्नर प्रेस कॉफ्रेंस करेंगे.
- 14:46 : गृह मंत्री चिदंबरम ने अन्ना हजारे से बातचीत की पेशकश की.
- 14:42 : ताज़ा ख़बर के मुताबिक रजौरी गार्डन पुलिस थाने में ही अन्ना हजारे का मेडिकल चेकअप किया गयाहै, यहां से उन्हें तिहाड़ जेल ले जाया जा सकता है.
- 14:40 : यहां दिल्ली में रजौरी गार्डन पुलिस थाने के बाहर हज़ारों लोग जुटे
- 14:40 : हैदराबाद में चंद्रबाबू नायडू की अगुआई में सैंकड़ों लोग सड़क पर उतरे
- 13:51 : पी चिदंबरम और कपिल सिब्बल ने प्रेस कॉंफ्रेंस में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया.
- 13:29 : दिल्ली में कई जगहों पर सड़क जाम
- 13:26 : विपक्षी दलों की बैठक दो बजे संभव
- 12:53 : किरण बेदी का ट्विट- मुझे बेल दिया गया लेकिन मैंने इनकार कर दिया है, मुझे किसी भी समय तिहाड़ जेल भेजा जा सकता है.
- 12:28 : प्रणब मुखर्जी और पी चिदंबरम के बीच बैठक जारी, समझा जा रहा है अन्ना के मुद्दे पर हो रही है बैठक. इसमें राहुल गांधी के भी शामिल होने की संभावना
- 12:15 : छत्रसाल स्टेडियम हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों से भर चुका है, पुलिस इन्हें किसी और जगह ले जाने की तैयारी में
- 12:14 : लोकसभा की कार्यवाही भी स्थगित
- 12:07 : राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
- 12:04 : प्रशांत भूषण ने आम लोगों से चार बजे प्रगति मैदान पहुंचने को कहा
- 12:01 : चेतन भगत ने भी ट्विटर पर पुलिसिया रवैये की आलोचना की.
- 12:01 : जावेद अख़्तर ने ट्विटर पर लिखा है- अन्ना के तरीकों पर बहस हो सकती है लेकिन उनकी गिरफ़्तारी अलोकतांत्रिक है.
- 11:58 : पटना, रांची, मुंबई, बंगलौर, कानपुर, लखनऊ समेत अन्य शहरों में अन्ना की गिरफ़्तारी के विरोध में लोग सड़कों पर उतरे
- 11:58 : अन्ना के समर्थन में इलाहाबाद हाईकोर्ट के बाहर वकीलों का प्रदर्शन
- 11:45 : 12 बजे के बाद सदन की कार्यवाही शुरू होने पर भाजपा पीएम से जवाब मांगेगी
- 11:44 : सुषमा स्वराज ने लोकसभा के भीतर कांग्रेस के रवैये की आलोचना की, प्रधानमंत्री से बयान देने की मांग
- 11:43 : भाजपा नेता सुषमा स्वराज - जहां से अन्ना को गिरफ़्तार किया गया वहां धारा 144 लागू नहीं थी
- 11:20 : अन्ना ने ज़मानत लेने से इंकार किया
- 11:19 : अन्ना को तिहाड़ जेल भेजा गया
- 11:09 : लोकसभा की कार्यवाही 11.30 बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
- 11:07 : संसद के दोनों सदनों में हो रहा है ज़बरदस्त हंगामा
- 11:06 : विपक्ष ने प्रश्नकाल स्थगित करने की मांग की
- 11:05 : अन्ना मामले पर विपक्ष का संसद में हंगामा
- 10:33 : अन्ना हजारे को गिरफ्तार कर लिया गया.
- 10:06 : अन्ना हज़ारे और साथी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिये जाने के खिलाफ हम उच्चतम न्यायालय की शरण में जायेंगे : प्रशांत भूषण
- 10:01 : गृह सचिव आर के सिंह ने कहा कि अन्ना हजारे को आदेश नहीं मानने पर दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया.
- 9:35 : शांति भूषण को भी राजघाट से हिरासत में लिया गया.
- 9:35 : अन्ना ने अपने समर्थकों से कहा कि वे आठ दिनों के लिए अपने काम से छुट्टी लें. इस आंदोलन में कूद पड़ें. लोगों के बड़ी तादाद में शामिल होने से ही यह आंदोलन मजबूत होगा.
- 9:32 : उन्होंने कहा, "समय आ गया है कि सभी लोग गिरफ्तारियां दें और ऐसे प्रयास करें कि देश में कोई भी जेल खाली नहीं बचे."
- 9:29 : हज़ारे ने यह भी कहा कि भ्रष्टाचारियों की असलियत सामने आ गई है.
- 9:28 : अन्ना ने कहा कि हमें अहिंसा के रास्ते पर चलना है. किसी भी सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचे और राह चलते लोगों को परेशानी नहीं हो.
- 9:26 : हिरासत में लिए जाते वक्त अन्ना ने अपने समर्थकों को जारी संदेश में कहा कि उन्हें परिवर्तन के लिए लड़ाई जारी रखनी है और अनुशासित तथा अहिंसक रहना है.
- 9:25 : कोई गड़बड़ी न हो इसलिए आजाद मैदान में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है.
- 9:25 : अन्ना के समर्थन में मुंबई के आजाद मैदान में भी बड़ी संख्या में समर्थक इकट्ठा हो रहे हैं.
- 9:19 : अन्ना हजारे के समर्थन में छात्र भी आए.
- 9:18 : सैकड़ों अन्ना समर्थकों को भी गिरफ्तार कर छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया.
- 9:13 : देशभर से अन्ना को पूरा समर्थन मिल रहा है.
- 9:13 : अन्ना के समर्थकों को भी गिरफ्तार किया गया है.
- 9:12 : अन्ना हजारे और उनकी टीम को हिरासत में लिए जाने के बाद अन्ना के समर्थक गुस्से में हैं.
- 9:10 : अन्ना के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री ने सीसीपीए की बैठक बुलाई. ये बैठक 10 बजे होगी.
- 8:52 : किरण बेदी ने कहा कि देश में आपातकाल लौट आया है.
- 8:52 : किरण बेदी ने अन्ना हज़ारे को हिरासत में लिये जाने को असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक बताया.
- 8:45 : जिस तरह से अन्ना के अनशन को रोका गया वह ग़लत है- वृंदा करात
- 8:45 : मनीष सिसोदिया और केजरीवाल भी पुलिस ऑफिसर मेस में
- 8:40 : अन्ना दिल्ली के अलीपुर स्थित पुलिस ऑफिसर मेस पहुंचे
- 8:36 : केजरीवाल ने कहा जेल से ही होगा अनशन
- 8:27 : अन्ना को हिरासत में लिए जाने को लेकर NDA ने 10 बजे बैठक बुलाई
- 8:10 : टीम अन्ना दिल्ली पुलिस के ख़िलाफ़ अदालत जाने की तैयारी में, हो सकता है आज दोपहर तक प्रशांत भूषण सुप्रीम कोर्ट में अर्जी डालें..
- 8:09 : प्रशांत भूषण ने हिरासत में लिए जाने की घटना की आलोचना की, सरकार को तानाशाह बताते हुए मौजूदा हालात की तुलना आपातकाल से की.
- 8:08 : टीम अन्ना ने भारत के लोगों से जेल भरो आंदोलन शुरू करने का आह्वान कियाय
- 8:07 : जैसे ही अन्ना हजारे और केजरीवाल हिरासत में लिए गए, किरण बेदी राजघाट पहुंच गईं लेकिन वहां हिरासत में ली गई हैं.
- 8:06 : इस बीच किरण बेदी भी राजघाट के पास हिरासत में ली गईं.
- 8:00 : अन्ना को मयूर विहार एक्सटेंशन की ओर ले जाया जा रहा है, अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुलिस उन्हें कहां ले जाना चाहती है.
- 7:58 : अभी अन्ना हजारे और केजरीवाल की गाड़ी मयूर विहार में ही है. भारी संख्या में समर्थकों के जुटने से दिल्ली पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. नाटकीय घटनाक्रम.
- 7:56 : बकौल किरण बेदी अन्ना हजारे जेल से ही अनशन जारी रखेंगे.
- 7:56 : अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि अन्ना को गिरफ़्तार किया गया या उन्होंने ख़ुद ही गिरफ़्तारी दी.
- 7:52 : किरण बेदी और संतोष हेगड़े ने दिल्ली पुलिस के रवैये की आलोचना की
- 7:44 : अन्ना और अरविंद केजरीवाल ने गिरफ़्तारी दी
- 7:43 : अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल को पुलिस ने रोका
- 7:36 : अन्ना अपने घर से निकले
- 7:36 : अन्ना के समर्थक भी उनके घर के आगे खड़े हैं, कुछ लोग जेपी पार्क भी पहुंच गए हैं
- 7:29 : ऐसी आशंका जताई जा रही है कि अनशन स्थल यानी जेपी पार्क पर पहुंचने से पहले ही अन्ना को हिरासत में ले लिया जाएगा
- 7:28 : इस बीच डीसीपी अशोक चांद अन्ना से मिलने उनके अपार्टमेंट में गए हैं.
- 7:28 : लेकिन सुप्रीम इनक्लेव के आस-पास भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं और जेपी पार्क के आस-पास भी पुलिसकर्मी तैनात हैं
- 7:28 : वो आठ बजे सुबह अक्षरधाम फ्लाईओवर से गीता कालोनी फ्लाइओवर होते हुए राजघाट जाएंगे. वहां से वह जेपी पार्क की ओर जाएंगे जहां वे अनशन शुरू करने वाले हैं
- 7:27 : अन्ना हजारे फिलहाल मयूर विहार फेज-1 के सुप्रीम इनक्लेव अपार्टमेंट में हैं