अन्ना हजारे के समर्थन में ईद नहीं मनाएंगे
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 5:51 am
भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे की मुहिम के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए अवध के नवाबों के उत्तराधिकारियों के संगठन रॉयल फैमिली ऑफ अवध ने कहा कि हजारे की मांगें नहीं माने जाने पर उसके सदस्य ईद नहीं मनाएंगे.
संगठन के महासचिव शिकोह आजाद ने यहां मंगलवार को कहा, 'हजारे की लड़ाई उनके लिए नहीं बल्कि इस देश के हर नागरिक के लिए है.
उनके आंदोलन में शामिल होना हम सभी का फर्ज है.' आजाद ने साफ तौर पर कहा कि अगर जनलोकपाल विधेयक को 30 अगस्त तक पारित करने की हजारे की मांग पूरी नहीं की गई तो अवध के नवाबों के संगठन के 20 हजार सदस्य ईद नहीं मनाएंगे. जरूरत पड़ने पर रॉयल फैमिली ऑफ अवध के हजारों कार्यकर्ता दिल्ली जाकर हजारे के आंदोलन में शामिल होंगे.
आजाद ने हजारे के आंदोलन के विरोध में दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना अहमद बुखारी के बयान को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम हिंदू या मुसलमान की नहीं बल्कि हर कौम की है. आजाद ने हजारे के खिलाफ तीखी बयानबाजी करने वाले कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी को पद से हटाने की मांग की.