इंग्लैंड के साथ एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हुए सहवाग और इशांत

इंग्लैंड के साथ भारतीय क्रिकेट टीम को एकदिवसीय श्रृंखला शुरू होने से पहले ही तगड़ा झटका लगा है.

उसके वरिष्ठ सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और मध्यम गति के गेंदबाज इशांत शर्मा चोट के कारण आगामी श्रृंखला से बाहर हो गए हैं.

सहवाग और इशांत की जगह अजिंक्य रहाने और वरुण एरॉन लेंगे.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, सहवाग कान की समस्या से जूझ रहे हैं. इस सम्बंध में वह कान, नाक और गले के विशेषज्ञ डॉक्टर से मिले. डॉक्टर ने बताया कि सहवाग लेबिरेंथिथिसिस से पीड़ित हैं और उन्हें इस समस्या से उबरने के लिए दो सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी.

सहवाग ने 24 जुलाई को इसकी शिकायत की थी. शुरुआती इलाज में उनकी यह समस्या ठीक हो गई थी लेकिन बाद में वह सिर में दर्द से परेशान रहने लगे. बीसीसीआई ने कहा कि सहवाग को स्वदेश लौटकर सुधार कार्यक्रम में हिस्सा लेना होगा.

दूसरी ओर, इशांत के बाएं टखने में दर्द है. इशांत का टखना इंग्लैंड के साथ खेले गए एजबेस्टन टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गया था.

सुधार कार्यक्रम के बाद वह चौथे टेस्ट में खेलने के लायक हो गए थे लेकिन अब उनकी चोट फिर से उबर आई है.

इशांत को टखने की चोट से पूरी तरह उबरने के लिए सुधार कार्यक्रम में शरीक होना होगा.

अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति ने अजिंक्य रहाने और वरुण एरॉन को स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में इंग्लैंड भेजने का निर्णय लिया है.

ये दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड के साथ खेले जाने वाले एकमात्र ट्वेंटी-20 मैच और एकदिवसीय श्रृंखला के लिए अतिशीघ्र इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होंगे.

उल्लेखनीय है कि एकमात्र ट्वेंटी-20 मुकाबला 31 अगस्त को खेला जाएगा जबकि पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला तीन सितम्बर से खेली जाएगी.

चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला में मेहमान टीम 0-3 से पीछे चल रही है.

Posted by राजबीर सिंह at 10:25 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh