राजस्थान इकाई से दो-तीन साल में उत्पादन शुरु कर देगी होंडा
ताजा खबरें, व्यापार 11:23 pm
होंडा को उम्मीद है कि राजस्थान के टपूकड़ा स्थित अपनी भारतीय इकाई से अगले दो-तीन साल में कार उत्पादन शुरु कर देगी. इसे 2008 की मंदी के कारण अनिश्चित काल के लिए रोक दिया गया था.
कंपनी भारत में सीएल समूह के साथ संयुक्त उद्यम में काम करती है और इसने 2008 में कल-पुर्जों के विनिर्माण के लिए टपुकड़ा संयंत्र आंशिक तौर पर खोला था.
होंडा सीएल कार्स इंडिया के निदेशक ‘विपणन’ सेकी इनाबा ने कहा 'हमारा पहला लक्ष्य है ग्रेटर नोएडा की इकाई की क्षमता का पूरी तरह से इस्तेमाल करना और इसके बाद ही टपुकड़ा में एसेंबली का काम शुरू करने पर विचार करेंगे. मुझे लगता है कि हम अगले दो-तीन साल में ऐसा कर सकेंगे.’ उन्होंने कहा कि कंपनी की ग्रेटर नोएडा स्थित पहली इकाई की स्थापना 1997 में 450 करोड़ रुपए में की गई थी और इसकी उत्पादन क्षमता एक लाख इकाई सालाना है लेकिन इसकी विभिन्न क्षेत्रों की क्षमता में सुधार कर उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 1.2 लाख की जा सकती है.
एचएससीआई ने टपुकड़ा में 1,000 करोड़ रुपए के निवेश से 60,000 करोड़ रुपए सालाना कार बनाने की संस्थापित क्षमता वाली इकाई स्थापित करने के प्रति प्रतिबद्धता जताई थी.
सितंबर 2008 में इस संयंत्र को आंशिक तौर पर खोला गया ताकि परिचालन शुरू किया जा सके और घरेलू एवं निर्यात बाजार के लिए कुछ पुर्जे तैयार किए जा सकें.