रिहंद बांध पानी से लबालब भरा, ओवरफ़्लो की आशंका

मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित रिहंद नदी पर बना रिहंद बांध पानी से लबालब भर गया है.

बांध का जलस्तर 862.7 फुट पर पहुंच चुका है.

इसे देखते हुए सिंगरौली के जिलाधीश पी. नरहरि ने आधा दर्जन गांव के लोगों को सतर्क रहने के साथ डूब क्षेत्र में न जाने की सलाह दी है.रिहंद बांध प्रदेश के सिंगरौली के सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के पिपरी में स्थित है.

सिंगरौली व सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) के जिलाधीशों द्वारा रिहंद बांध में हो रहे जल भराव की लगातार समीक्षा की जा रही है.

बांध के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर सिंगरौली के जिलाधीश पी़ नरहरि ने करौंटी, गोभा, ओरगाई, सुईडीह, बलियरी, चंदावल, जयनगर, गनियारी तथा गहिलगढ़ के निवासियों से डूब क्षेत्र में न जाने की अपील की है.

वहीं दूसरी ओर राज्य शासन द्वारा सिंगरोली जिलाधीश की मांग पर नाव और बाढ़ राहत सामग्री खरीदने के लिए शुक्रवार को आठ लाख रुपए की राशि आवंटित की है. सिंगरौली जिलाधीश ने जिला प्रशासन को सतर्क करते हुए कहा है कि डूब क्षेत्र में आने वाले रहवासी बांध के आस-पास मछली पकड़ने, मवेशी चराने आदि का कार्य न करें.

किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका की स्थिति में तत्काल अपने नजदीकी पटवारी, कोटवार, शिक्षक, जिला प्रशासन अथवा शासकीय कर्मचारी को सूचित करें. रिहंद बांध सोन नदी की सहायक रिहंद नदी पर बना है.

इसका निर्माण कार्य 1954 में आरम्भ होकर 1961 में पूर्ण हुआ था। बांध की ऊंचाई 91 मीटर और चौड़ाई 934 मीटर है.

Posted by राजबीर सिंह at 1:06 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh