भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से इस्तीफा मांगा
ताजा खबरें, देश-विदेश, राजनीति 10:43 am
नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में अनियमितताओं के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की सरकार पर उंगली उठाई गई है.
पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मांग है कि दीक्षित को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए. सीएजी ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ठेकों के आवंटन, उपकरणों की आपूर्ति में अनियितिताओं से सम्बंधित मुद्दों को उठाया है इसलिए दीक्षित को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है."
उन्होंने कहा, "रिपोर्ट के मुताबिक ठेके देने में हुई देरी से परियोजनाओं की लागत काफी बढ़ गई."
गडकरी असम में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन पर चर्चा के लिए आयोजित 'चिंतन-बैठक' में हिस्सा लेने गुवाहाटी आए हैं.
ज्ञात हो कि कर्नाटक में लोकायुक्त एन. संतोष हेगड़े की रिपोर्ट पर मुख्यमंत्री बी.एस. येदिुयरप्पा से इस्तीफा लेने को बाध्य हुई भाजपा सीएजी की रिपोर्ट के बाद दीक्षित को निशाने पर ले रही है.
गडकरी ने कहा, "लोकायुक्त ने जब अपनी रिपोर्ट में राज्य में अवैध खनन के लिए येदियुरप्पा को जिम्मेदार ठहराया तो कांग्रेस ने उनके इस्तीफे की मांग की."
उन्होंने कहा, "सीएजी एक संवैधानिक संस्था है और जब उसकी रिपोर्ट अनियमितताओं के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराती है तो उस व्यक्ति को फौरन इस्तीफा दे देना चाहिए."
सीबीआई मामला दर्ज करे
उधर दिल्ली भाजपा प्रमुख विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पार्टी उनके खिलाफ ‘सामूहिक आंदोलन’ चलाएगी.
गुप्ता ने कहा, ‘‘कैग ने अनियमितताओं में उनकी भूमिका का खुलासा कर दिया है, ऐसे में सीबीआई को उनके खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए.’’
उन्होंने कहा कि भाजपा उन्हें हटाने की मांग को लेकर 9 अगस्त को रामलीला मैदान में रैली करेगी, वहीं पार्टी कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर 11 अगस्त को संसद का ‘घेराव’ करेंगे .
भ्रष्टाचारियों को बचा रही है कांग्रेस
इस बीच, भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने नई दिल्ली में कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों का बचाव कर रही है.
येदियुरप्पा और दीक्षित का हवाला देते हुए रूडी ने कहा, "भ्रष्टाचार दो लोगों के लिए दो मानक नहीं रख सकता."
उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी की यह आदत है कि जबतक वह फंसती नहीं अथवा जबतक उसके नेता जेल नहीं जाते या सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप तक वह भ्रष्टाचार की अनदेखी करती है."
कांग्रेस ने ठुकराई मांग
कांग्रेस ने शनिवार को राष्ट्रमंडल खेलों पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट के मद्देनजर दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के इस्तीफे की विपक्ष की मांग को खारिज कर दिया.
पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अभी तक पूरी रिपोर्ट नहीं देखी है. लेकिन हमने जो कुछ भी देखा है उसमें ऐसा कोई आरोप नहीं है जो बड़ी कार्रवाई की मांग करता हो.’’
संवाददाताओं ने द्विवेदी से भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग के बारे में पूछा था. द्विवेदी ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसी रिपोर्ट जब संसद में आती है तो संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करना होता है.
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट लोक लेखा समिति (पीएसी) को जायेगी जहां सभी दलों के प्रतिनिधि होते हैं.
गौरतलब है कि कैग की रिपोर्ट शुक्रवार को संसद में पेश की गयी थी.