प्रदर्शनकारियों के खिलाफ फौजें दो पश्चिमोत्तर शहरों में दाखिल हुई

सीरिया में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ फौजें टैंकों के साथ बुधवार को टर्की सीमा के समीप दो पश्चिमोत्तर शहरों में दाखिल हुई.



फौज की कार्रवाई में एक महिला की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए.



वेबसाइट 'अलजजीरा डॉट नेट' के मुताबिक मानवाधिकार संगठन 'सीरियन ऑब्जरवेटरी फार ह्यूमन राइट्स' ने बताया कि बुधवार को फौज 12 टैंकों और बख्तरबंद गाड़ियों के साथ दो शहरों ताफ्तनाज और सेरमिन में दाखिल हुई. फौज की कार्रवाई में एक महिला की मौत हो गई और 13 लोग घायल हुए. ये दोनों शहर टर्की की सीमा से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं.



अन्य मानवाधिकार संगठनों ने बताया कि फौज ने मंगलवार को बिन्निश शहर के समीप चार ग्रामीणों को मार गिराया.



एक मानवाधिकार कार्यकर्ता ने बताया कि भीषण गोलाबारी के बाद फौज ने प्रदर्शन के महत्वपूर्ण शहर दीर अल-जॉर पर भी नियंत्रण कर लिया है. राष्ट्रपति बशर अल-असद की सेना ने चार दिनों तक इस शहर पर हमला किया.



कार्यकर्ता ने बताया, "फौज बाहर निकलने वाले सभी लोगों को निशाना बना रही है. स्थिति भयानक है. दवा की दुकानें बंद हैं." वहीं, हमा शहर में 10 दिनों की कार्रवाई के बाद फौज बख्तरबंद गाड़ियों के साथ वहां से वापस हो गई.



इस बीच, राष्ट्रपति असद पर दबाव बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं. भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के राजदूत बुधवार को दमिश्क में बैठक करने वाले हैं. उम्मीद है कि राजदूत विदेश मंत्री वालिद अल-मुआलेम के साथ बैठक करेंगे.



इसके अलावा टर्की के विदेश मंत्री अहमत दावूतोग्लू ने हिंसा पर रोक लगाने के लिए असद से तुरंत कदम उठाने का अनुरोध किया है जबकि अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि ओबामा प्रशासन असद के सत्ता से बाहर जाने का खाका तैयार कर रहा है.

Posted by राजबीर सिंह at 11:19 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh