सोने में तेजी से सरकारी खजाने में बढ़ी सोने की चमक
ताजा खबरें, व्यापार 8:52 pm
इस महीने, सोने की कीमतों में 20 प्रतिशत से अधिक की तेजी से रिजर्व बैंक के पास जमा सोने का मूल्य करीब 5 अरब डालर ‘22,000 करोड़ रुपये’ बढ़ा है. रिजर्व बैंक भारत सरकार के लिए सोने के संरक्षक ‘कस्टोडियन’ के रूप में काम करता है.
केन्द्रीय बैंक देश के अंतरराष्ट्रीय रिजर्व पोर्टफोलियो में सोना रखता है. बीते माह के अंत तक इसके पास 1,11,940 करोड़ रुपये ‘25.35 अरब डालर’ मूल्य का सोना था.
घरेलू बाजार में सोने की कीमतें इस महीने की शुरुआत से लेकर अब तक 20.4 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं और यह 28,230 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकार्ड स्तर पर पहुंच चुकी हैं.
उधर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतें 16 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ 1,880 डालर प्रति औंस पर पहुंच चुकी हैं जो पहले 1,616 डालर प्रति औंस पर थीं.
कीमतों में 20 प्रतिशत की वृद्धि को देखते हुए रिजर्व बैंक के पास जमा सोने का मूल्य अगस्त में अभी तक 22,000 करोड़ रुपये से अधिक या करीब 5 अरब डालर तक बढ़ चुका है.
विशेषज्ञ सोने की कीमतों में तेजी जारी रखने का अनुमान व्यक्त कर रहे हैं और उनका मानना है कि सोने की कीमतें दिवाली से पहले 30,000 रुपये का स्तर छू सकती हैं क्योंकि निवेशकों शेयर बाजार से पैसा निकालकर सोने में लगा रहे हैं.