गरीब बच्चों को दूध पिलाकर बाबा भोलेनाथ की भक्ति

बरेली के एक भक्त बाबा भोलेनाथ की भक्ति गरीब बच्चों को दूध पिलाकर करते हैं.

सावन मास में भक्त भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए अनेक विधियां अपनाते हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश के बरेली में कुछ भक्त ऐसे हैं जो बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर दूध अर्पित न कर ऐसे बच्चों को दूध पिलाते हैं जिनके माता-पिता गरीबी के चलते उन्हें दूध नहीं पिला पाते.

सावन महीने में बरेली के राज नारायण गुप्ता गरीब बच्चों को दूध पिलाते हैं. शहर के बड़ा बाजार निवासी गुप्ता पिछले 14 सालों से इस अनोखे ढंग से सावन मनाते हैं.

गुप्ता ने बताया, "भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए शिवलिंग पर दूध अर्पित किया जाता है लेकिन मेरा तरीका भी भोलेनाथ को खुश करने के लिए ही है. मेरा मानना है कि गरीब और भूखे बच्चों के चेहरे पर दूध पीने के बाद जो मुस्कान आएगी उससे भगवान शिव अधिक प्रसन्न होंगे."

गुप्ता ने कहा, "इस अंशदान से मुझे इतनी खुशी मिलती है कि मैं इसे शब्दों में नहीं बता सकता."

सावन मास के दौरान गुप्ता सुबह चाढ़े चार बजे उठकर एक दुकान से दूध की थैली खरीदते हैं और बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और झोपड़पट्टियों में जाकर बच्चों को दूध बांटते हैं. इस काम में उन्हें रोजाना करीब चार घंटे लगते हैं.

गुप्ता के घर के पास एक झोपड़पट्टी में रहने वाले गौतम ने कहा, "गुप्ताजी हमारी झोपड़पट्टी के हर एक बच्चे को दूध का एक-एक थैला देते हैं. यदि कोई बच्चा उनसे अतिरिक्त थैला मांगता है तो वह इंकार नहीं करते."

गुप्ता का प्रयास आज एक बड़ी मुहिम का रूप ले चुका है. उनसे प्रेरित होकर शिक्षक, चिकित्सक, व्यवसाई, छात्र और प्रबुद्धजन सहित समाज के विभिन्न वर्गो के लोग उनकी इस मुहिम में शामिल हो गए हैं और गरीब बच्चों को दूध पिला रहे हैं.

गुप्ता और उनके साथ मुहिम में जुड़े 75-80 लोगों का समूह बड़ा-बाजार और आस-पास के इलाकों के 300 गरीब बच्चों को हर सुबह दूध पिलाता है.

गुप्ता ने बताया, "मैं चाहता हूं कि पूरे साल करीब बच्चों की भूख मिटाई जाए लेकिन सीमित संसाधनों के चलते मैं यह नहीं कर सकता. हालांकि, अगर उच्च और मध्यम वर्ग के लोग अपनी आमदनी के एक छोटे हिस्से को इन बच्चों पर खर्च करें तो इस समस्या से काफी हद तक निपटा जा सकता है."

Posted by राजबीर सिंह at 8:34 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh