सीरिया में जुमे की नमाज़ के बाद विरोध प्रदर्शनों में 10 की मौत

दमिश्क और होम्स में शुक्रवार को रमजान के पहले जुमे की नमाज़ के बाद निकाले गए विरोध प्रदर्शनों में सुरक्षा बलों ने 10 लोगों को मार गिराया.

मानवाधिकार कार्यकर्ता रमी अब्दुल रहमान ने बताया, ‘‘दमिश्क के निकट इरबिन में सात लोग मारे गए और मादामिया में भी एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई. होम्स शहर में दो लोगों की मौत हुई है.’’

एक अन्य कार्यकर्ता अब्दुल करमी रिहावी ने इससे पहले बताया कि पांच लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं. रिहावी ने मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है.

सैनिकों ने की गोलाबारी
सीरिया के सैनिकों ने हामा शहर में टैंकों से गोलाबारी की और प्रदर्शनकारियों पर गोलियां बरसाईं, जिससे कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.

हामा शहर बीते कई दिनों से बशर अल असद के प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों का केंद्र बना हुआ है.

मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने बताया कि हामा में सुरक्षा बलों ने गोलीबारी करने के साथ ही कई शहरों में आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया. होम्स में कई लोगों के घायल होने की खबर है.

हामा शहर के एक नागरिक ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब चार बजे सैनिकों ने टैंकों के जरिए गोलाबारी शुरू की. इस प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, ‘‘इस दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाना लगभग असंभव हो गया था.’’

मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि बीते रविवार से यहां सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कम से कम 100 लोग मारे गए हैं.

Posted by राजबीर सिंह at 8:39 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh