प्रधानमंत्री तो मौनी बाबा बने बैठे हैं - शत्रुघ्न सिन्हा

भाजपा के वरिष्ठ नेता और बॉलीवुड स्टार शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि पीएम तो मौनी बाबा बने बैठे हैं.

शत्रुघ्न सिन्हा ने रांची हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी आंदोलन का समर्थन किया और इस मुद्दे पर केन्द्र सरकार के रूख की आलोचना की.

शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मामले में सीधे प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा 'पीएम तो मौनी बाबा बने बैठे हैं.'

उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में आरोप लगाया कि केन्द्र की वर्तमान सरकार 'हेडलेस' 'शेमलेस' और 'स्पाइनलेस' है.



सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार अन्ना हजारे के मामले में गलती पर गलती किये जा रही है. उन्होंने कहा कि अगला एक सप्ताह देश के लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा.



सिन्हा एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने रांची थे.



'राहुल बोलें भी तो यकीन कौन करेगा'

उत्तर प्रदेश की आवंला लोकसभा सीट से भाजपा सांसद मेनका गांधी ने अन्ना हजारे के अनशन पर कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की चुप्पी पर पूरी कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है. उन्होंने बुधवार को बदायूं में कहा कि ऐसे में जबकि कांग्रेस के नेतागण भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हो राहुल गांधी क्या बोलेंगे और उनकी बात पर विश्वास कौन करेगा.



मेनका गांधी ने अन्ना के अनशन पर राहुल गांधी की चुप्पी पर कहा कि भ्रष्टाचार के सारे आरोप कांग्रेस नेताओं पर हैं, ऐसे में राहुल गांधी क्या बोलेंगे, उनकी बात पर विश्वास कौन करेगा.



इसी क्रम में उन्होंने कहा कि आज देश में कोई भी मूर्ख नहीं है और वह आपकी जुबान नहीं नीयत देखता है.



भाजपा सहित विपक्षी दलो द्वारा अन्ना के समर्थन में खुलकर आवाज नहीं उठाने के बारे में सवाल पूछे जाने पर मेनका ने कहा कि अन्ना नहीं चाहते कि राजनीतिक दल उनके साथ आयें, इसीलिए विपक्षी दलो ने अपने आप को पीछे कर लिया है.



'कांग्रेस का आचरण अलोकतांत्रिक'

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अन्ना के आंदोलन को खत्म करने के लिए अलोकतांत्रिक तरीकों का इस्तेमाल किया.



मोदी ने अन्ना के स्वास्थ्य पर भी चिंता जताई और कहा कि देश अन्ना के स्वास्थ को लेकर चिंतित है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद और लोकतंत्र की बातें करती है पर अन्ना के आंदोलन को खत्म करने के लिए अलोकतांत्रिक तरीकों का इस्तेमाल करती है.



ट्विटर पर यह सब लिखते हुए मोदी ने कहा कि ट्विटर से जुड़े हम सभी लोगों को अपनी बात रखकर इस सरकार के हर अलोकतांत्रिक तरीके की पोल खोलनी चाहिए.



16 अगस्त से शुरू हुए अन्ना हजारे के अनशन के बाद इसे लेकर मोदी ने पहली बार कुछ कहा है. मोदी अन्ना के जनलोकपाल को लेकर शुरू किये आंदोलन की पहले से समर्थन करते रहे हैं.



'केजरीवाल, बेदी, सिसोदिया को अनशन करने दें'

शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने अन्ना हजारे से अनशन खत्म करने की अपील की है और सामाजिक कार्यकर्ता को सुझाव दिया है कि उनकी जगह उनकी टीम के सदस्य अनशन कर सकते हैं और भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को जारी रख सकते हैं.



मुंबई से प्राप्त समाचार के अनुसार ठाकरे ने हजारे को लिखे पत्र में कहा, ''अपने गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए कृपया अनशन खत्म कर दीजिए. केजरीवाल, बेदी, सिसोदिया को अनशन करने दीजिए और आंदोलन जारी रखने दीजिए."



शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पत्र में हजारे को देश भर में मिल रहे समर्थन का भी जिक्र है.

Posted by राजबीर सिंह at 6:33 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh