भारत को 4-0 से हराकर क्लीन स्वीप करेगी इंग्लैंड टीम : इयान बाथम

इंग्लैंड की टीम मौजूदा टेस्ट सीरीज में भारत को 4-0 से हराकर क्लीन स्वीप कर सकती है.

वीरेंद्र सहवाग के आने से भले ही भारत की वापसी की उम्मीदें जगी हो लेकिन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयान बाथम का मानना है कि चूंकि सहवाग को मैच अभ्यास नहीं मिल सका है लिहाजा मेजबान टीम 4-0 से श्रृंखला जीत सकती है.

बाथम ने 'डेली मिरर' ने अपने कालम में लिखा ,''मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि इंग्लैंड 4-0 से क्यों नहीं जीत सकता. ऐसा करने से उसे कौन रोक सकता है. भारत का मौजूदा बल्लेबाजी क्रम तो कतई नहीं."

उन्होंने कहा ,''वीरेंद्र सहवाग तीसरा मैच खेल रहे हैं और गौतम गंभीर भी फिट हो गए हैं."

उन्होंने कहा, ''यदि उन्हें लगता है कि ये दोनों पासा पलट देंगे तो दोबारा सोचने की जरूरत है. सहवाग बिना किसी मैच अभ्यास के पारी की शुरूआत करेंगे और वह भी इंग्लैंड के मौजूदा आक्रमण के खिलाफ. यह उतना आसान नहीं है."

बाथम ने कहा कि राहुल द्रविड़ को छोड़कर भारतीय बल्लेबाजी कमजोर नजर आ रही है.

उन्होंने कहा, ''सिर्फ राहुल द्रविड़ ने कुछ जुझारूपन और तकनीक दिखाई है जो इतने साल तक कामयाब रहने के लिये जरूरी है. वीवीएस लक्ष्मण और सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाडि़यों की काबिलियत पर मुझे शक नहीं है लेकिन उन्होंने अभी इसकी झलक ही दिखाई है कि वे क्या कर सकते हैं."

बाथम ने कहा कि इंग्लैंड को उसी टीम को बरकरार रखना चाहिये जिसने दूसरा टेस्ट 319 रन से जीता था.

उन्होंने कहा, ''इंग्लैंड को उन्हीं 11 खिलाडि़यों के साथ उतरना चाहिये जिन्होंने विश्व की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम को हराया था."

उन्होंने कहा, ''टिम ब्रेसनन, स्टुअर्ट ब्रॉड, इयान बेल और मैट प्रायर एक बार फिर टीम को जीत दिला सकते हैं. इसके साथ ही नंबर वन का ताज मिल जायेगा जिसका बेसब्री से इंतजार है."

बाथम ने कहा कि क्रिस ट्रेमलेट के फिट होने पर भी तेज गेंदबाज ब्रेसनन को अंतिम एकादश में शामिल किया जाना चाहिये.

Posted by राजबीर सिंह at 4:27 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh