इंग्लैंड 32 साल बाद बनी आईसीसी टेस्ट की नंबर एक टीम

इंग्लैंड 32 साल बाद आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में दुनिया की नंबर एक टीम बन गई.

इसके लिए इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट मैच में भारत को बुरी तरह हराया.

एंड्रयू स्ट्रास की टीम ने श्रृंखला की शुरुआत तीसरे नंबर की टीम से की थी. तब भारत और दक्षिण अफ्रीका उससे आगे थे. भारत और उसके बीच आठ रेटिंग अंक का फासला था. इंग्लैंड को शीर्ष पर पहुंचने के लिए श्रृंखला में कम से कम 2-0 से जीत की दरकार थी.

इंग्लैंड ने लार्डस में 196 और ट्रेंटब्रिज में 319 रन की धमाकेदार जीत के बाद अब एजबस्टन में बड़ी जीत दर्ज करके नंबर एक बनने का मिशन पूरा किया.

आईसीसी मुख्य कार्यकारी हारून लोर्गट ने इंग्लैंड एवं वेल्स क्रि केट बोर्ड और इंग्लिश टीम को इसके लिये बधाई दी. उन्होंने कहा, आईसीसी की तरफ से मैं एंड्रयू स्ट्रास, एंडी फ्लावर और पूरी टीम को दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम बनने के लिये बधाई देता हूं. मैं जानता हूं कि वे नंबर एक बनने के लिये प्रतिबद्ध थे. उन्होंने अच्छी तरह से रणनीति बनाई और बेजोड़ प्रदर्शन किया. वे इसके हकदार थे.

आईसीसी बयान के अनुसार लोर्गट ने कहा, पिछले कुछ वर्षों में इंग्लैंड ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया तथा 30 में से 19 टेस्ट में जीत दर्ज की. इंग्लैंड इससे पहले फरवरी 1979 में शीर्ष पर काबिज था. उस समय भी भारत ने उसे नंबर एक बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.

भारत ने तब नंबर एक टीम वेस्टइंडीज को छह मैचों की श्रृंखला में 1-0 से हराया था जिससे इंग्लैंड नंबर एक बन गया था.वेस्टइंडीज ने पांच महीने बाद ही वापसी की और इंग्लैंड को पांच मैच की श्रृंखला में 1-0 से हराकर वह फिर से नंबर एक बन गया था.

इससे पहले इंग्लैंड दो बार 1955 से 1959 और 1970 से 1973 तक दो बार नंबर एक रहा था. इसके विपरीत भारत ने छह दिसंबर 2009 को श्रीलंका को तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 2-0 से हराकर नंबर एक रैंकिंग हासिल की थी.

इस श्रृंखला के समाप्त होने के बाद जब टेस्ट चैंपियनशिप तालिका को अपडेट किया जाएगा तो इंग्लैंड शीर्ष पर काबिज रहेगा लेकिन भारत की स्थिति ओवल में होने वाले चौथे टेस्ट मैच के परिणाम पर निर्भर करेगी. यदि इंग्लैंड उस मैच में भी जीत दर्ज करता है तो उसके 125 रेटिंग अंक हो जाएंगे जबकि भारत के 117 रेटिंग अंक ही रहेंगे.

यदि भारत वह मैच ड्रा कराता है या जीतता है तो वह दक्षिण अफ्रीका से ऊपर दूसरे स्थान पर बना रहेगा. जीत से भारत के 120 रेटिंग अंक और ड्रा से 119 रेटिंग अंक रहेंगे.

अब नई टेस्ट चैंपियनशिप की पुष्टि हो गई है जिसमें जनवरी 2013 तक चोटी पर रहने वाली चार टीम वरीयता के साथ सीधे प्लेऑफ में प्रवेश करेंगी.

इंग्लैंड ने मई 2009 से कोई टेस्ट श्रृंखला नहीं गंवाई है.

उसने वेस्टइंडीज को घरेलू श्रृंखला में 2-0 से, आस्ट्रेलिया को 2-1 से, बांग्लादेश को उसकी सरजमीं पर 2-0 से बांग्लादेश को अपनी धरती पर 2-0 से, पाकिस्तान को 3-1 से, आस्ट्रेलिया को उसकी सरजमी पर 3-1 से और श्रीलंका को अपनी धरती पर 1-0 से हराया था.

अब वह भारत से 3-0 से आगे चल रहा है. इस बीच उसने दक्षिण अफ्रीका से उसकी धरती पर श्रृंखला 1-1 से बराबर करवाई थी.

Posted by राजबीर सिंह at 2:47 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh