आतंकी हमले में 26 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए
ताजा खबरें, देश-विदेश 10:18 pm
पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि पूर्वी अफगानिस्तान क्षेत्र की ओर से शनिवार को किये गए श्रंखलाबद्ध हमलों में यह अब तक का सबसे बड़ा हमला है जहां से अमेरिका ने बड़ी संख्या में अपने सैनिकों को हटा लिया है.
पुलिस ने इस क्षेत्र में 12 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है. मारे गए लोगों में पाकिस्तानी सैनिक और पुलिसकर्मी शामिल हैं. अधिकारियों ने कहा कि सीमा की निगरानी की जा रही है.
एक्सप्रेस टेलीविजन के अनुसार अफगानिस्तानी आतंकवादियों की ओर से किये गए हमले में 26 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने पाकिस्तानी सीमा में प्रवेश किया और सीमा से लगे अरांदो क्षेत्र में पाकिस्तानी पुलिस चौकी पर हमला कर दिया.
पुलिस ने बताया कि इस हमले के बाद पाकिस्तानी सीमा की सुरक्षा में तैनात सैनिकों और आतंकवादियों के बीच संघर्ष हो गया. इस संघर्ष में कई आतंकवादी भी मारे गए. टेलीविजन चैनलों के अनुसार पाकिस्तानी सैनिकों ने आतंकवादियों को पाकिस्तानी क्षेत्र के और अंदर प्रवेश करने से रोकने के लिए चार पुलों को विस्फोट करके उड़ा दिया.
एक्सप्रेस टीवी के अनुसार सैनिकों और आतंकवादियों के बीच संघर्ष के चलते चित्राल और सीमांत अरांदो क्षेत्र के बीच मुख्य सड़क अवरुद्ध हो गई जिससे लोगों को घर के भीतर ही रहने को बाध्य होना पड़ा. टेलीविजन चैनलों ने पहले बताया था कि बड़ी संख्या में आतंकवादियों ने तड़के कई चौकियों पर राकेट और भारी हथियारों से हमला कर दिया है. कई राकेट चित्राल स्काउट्स के शिविर पर गिरे.
पाकिस्तानी सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें कई आतंकवादी मारे गए. चित्राल सीमा अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत से लगी हुई है.