नोएडा, बुलंदशहर और सहारनपुर में हुए हादसों में छह कांवड़ियों की मौत

उत्तर प्रदेश के नोएडा, बुलंदशहर और सहारनपुर में हुए अलग-अलग हादसों में छह कांवड़ियों की मौत हो गई.

गुरुवार को बुलंदशहर में हुए एक सड़क हादसे में चार, नोएडा में सड़क हादसे में एक, जबकि सहारनपुर में ट्रेन से कटकर एक कांवड़िए की मौत हो गई.

बुलंदशहर में गुरुवार को यूपी रोडवेज की एक बस की चपेट में आने से चार कांवड़ियों की मौत हो गयी.

पुलिस अधीक्षक (नगर) जीएन त्रिपाठी ने बताया कि एक कांवड़िए की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की बाद में मौत हो गई.

इस घटना से नाराज़ कांवड़ियों के एक गुट ने पथराव किया और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया.

वहीं दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 71 में गुरुवार देर रात एक कांवड़ यात्री गाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.इस घटना से गुस्साए अन्य कांवड़ियों ने खूब हंगामा किया.

घटना की खबर मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और हंगामा कर रहे कांवड़ियों को शांत कराया.

बताया जा रहा है कि मृतक कांवड़ यात्री नोएडा का ही रहने वाला था. पुलिस ने इस मामले में आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और तहकीकात कर रही है.

उधर, प्रदेश के सहारनपुर जिले में गुरुवार को एक कांवड़िये की रेल से कटकर मौत हो गई.

पुलिस क्षेत्राधिकारी हरदेव सिंह ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिले के ग्राम वहेडी मुआना निवासी (35 वर्षीय) नरेन्द्र पुत्र रामजाटव गुरुवार को दिल्ली पैसेन्जर गाड़ी में सवार होकर हरिद्वार, कांवड़ लेकर जा रहा था.

वह नागल रेलवे स्टेशन पर रेल के पायदान पर बैठा हुआ था तभी उसका पैर उलझ गया और चलती रेल से पटरियों पर जा गिरा और रेल से कटकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

Posted by राजबीर सिंह at 9:45 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh