स्पीक एशिया के सीओओ तारक वाजपेयी पूछताछ के लिए हिरासत में
ताजा खबरें, देश-विदेश 11:17 pm
इस कंपनी पर आरोप है कि देश का करोड़ों पैसा अवैध रूप से सिंगापुर ले जाया गया है.
गौरतलब है कि कंपनी अभी 11 महीने पहले ही हिंदुस्तान में आयी है. इस कंपनी पर आरोपों के चलते जब लोगों ने कंपनी से अपना पैसा मांगा तो कंपनी ने पैसा देने से इंकार कर दिया.
अनुमानत: कंपनी हिंदुस्तान से करीब 465 करोड़ रुपए अवैध रूप से सिंगापुर ले गयी है.
इससे दो दिन पहले ही करोड़ों रूपए की पूंजी योजना घोटाले में सीआईडी ने स्पीक एशिया के बैंक खातों को सील किया था. पूंजी निवेश योजनाओं में धांधली की शिकायतों के बाद कंपनी की कई शाखाओं पर छापेमारी की भी की गई थी. कंपनी के खिलाफ कई जनहित याचिकाएं और एफआईआर दर्ज की गई थी.
प्रवर्तन निदेशालय और सीआईडी ने सिंगापुर की इस कंपनी के खिलाफ धारा 591 व कंपनी एक्ट के तहत जांच शुरू कर दी है.
सबसे बड़ी बात जो सामने आ रही है वह है कि कंपनी अभी भी भारत में रजिस्टर्ड नहीं है.
ईडी की हिरासत में तारक मुंबई पहुंच चुके हैं. खबर यह भी आ रही है कि तारक के अलावा चार अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है. तारक को ईडी के हेडक्वार्टर ले जाया जाएगा और वहां इनसे गहन पूछताछ की जाएगी.
कहा जा रहा है कि यदि इन पर आरोप सही साबित हुए तो धारा 420 के तहत तारक की गिरफ्तारी भी हो सकती है.
हालांकि स्पीक एशिया का कहना है कि कंपनी में कुछ भी गलत नहीं हो रहा है.