उपलब्ध संसाधनों से सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया : महेंद्र सिंह धोनी

महेंद्र सिंह धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ सूपड़ा साफ होने के बाद कहा कि उनकी टीम ने उपलब्ध संसाधनों से सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया.

भारतीय कप्तान धोनी ने द ओवल में पारी और आठ रन के साथ श्रृंखला 0.4 से गंवाने के बाद कहा, 'हम आत्ममुग्धता का शिकार नहीं थे. हमें श्रृंखला शुरू होने से पहले तैयारी का काफी मौका नहीं मिला. हमने उपलब्ध संसाधनों के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने की कोशिश की लेकिन इसके बावजूद हमें हार का सामना करना पड़ा.’ उन्होंने कहा, 'हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और यही अहम है. उन्होंने ‘इंग्लैंड ने’ काफी अच्छी बल्लेबाजी की जबकि हम सिर्फ एक बार 300 रन बना पाये जो अपने आप में ही सारी कहानी बयां करता है.’

गौरतलब है कि भारत टेस्ट श्रृंखला के दौरान चोटों की समस्या से जूझता रहा और विभिन्न मौकों पर चोटों के कारण उसे वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, गौतम गंभीर, जहीर खान, प्रवीण कुमार और हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ियों की सेवाएं नहीं मिली.

भारतीय कप्तान धोनी ने हालांकि कहा कि वह हथियार डालने को तैयार नहीं हैं. उन्होंने कहा, 'हम इस हार के बाजवूद हथियार डालने को तैयार नहीं हैं. टीम का इकाई के रूप में एकजुट रहना अहम है. स्वदेश में लोगों को काफी अपेक्षाएं हैं लेकिन टीम को एकजुट रहना होगा और संघर्ष करना होगा.’

धोनी ने आगामी सीमित ओवरों की श्रृंखला के बारे में कहा, 'हम वनडे में विश्व चैम्पियन हैं. हमें श्रृंखला से पहले कुछ अभ्यास मैच मिले हैं. उम्मीद करते हैं कि हम अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे.’

इंग्लैंड के कप्तान एंड्रयू स्ट्रास ने अपने खिलाडि़यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर बेजोड़ खेल दिखाया.

स्ट्रास ने कहा, 'एक बार फिर हमने बेजोड़ खेल दिखाया. आज का दिन ग्रीम स्वान के नाम था लेकिन अगर आप मैच की शुरूआत देखो तो इयान बेल ने जो पारी खेली वह उसकी सर्वश्रेष्ठ पारी थी जो मैंने देखी.’ उन्होंने कहा, 'हमें पता था कि काम आसान नहीं होने वाला लेकिन साथ ही हमें पता था कि हमारे पास काफी समय है.’

स्वान ने भारत की दूसरी पारी में छह विकेट चटकाये जबकि बेल ने 235 रन की पारी खेली थी.

श्रृंखला में 25 विकेट चटकाने और 182 रन बनाने के लिए इंग्लैंड के मैन आफ द सीरीज बने स्टुअर्ट ब्राड ने कहा कि उनके गेंदबाज अपनी रणनीति को अंजाम तक पहुंचाने में सफल रहे.

ब्राड ने कहा, 'हमारे सभी खिलाड़ियों ने योगदान दिया. गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ रणनीति बनाई थी जिसे बखूबी अंजाम दिया. हमने फुल लेंथ के साथ गेंदबाजी करने की योजना बनाई जिससे सफलता मिली.’

Posted by राजबीर सिंह at 4:38 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh