इंग्लैंड का टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला, भारत की हालत खराब

बर्मिंघम टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. दोनों टीमों में एक परिवर्तन भी किया गया है.

इंग्लैंड ने जोनॉथन ट्रॉट की जगह बल्लेबाज रवि बोपारा को मैदान में उतारा है.

उधर भारतीय टीम में भी एक परिवर्तन किया गया है. फिरकी गेंदबाज हरभजन सिंह की जगह अमित मिश्रा को मौका दिया गया है.

तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड की कोशिश होगी कि वह इसे जीतक सीरीज़ पर अपनी बादशाहत बरकरार रखे. चार मैचों की सीरीज़ में भारत 0-2 से पिछड़ रहा है. अगर टीम इंडिया बर्मिंघम टेस्ट भी हार जाती है तो नंबर वन की रैंकिंग भी गंवा देगी.



इंग्लैंड को शीर्ष पर पहुंचने के लिए दोनों मैच ड्रॉ कराने होंगे या उनमें से कम से कम एक जीतना होगा.



उधर भारतीय कप्तान धोनी को अपने ओपनिंग बल्लेबाजों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी. टीम प्रबंध को एजबेस्टन के हालात को देखते हुए टीम संयोजन में बदलाव करना होगा. हरभजन सिंह के बाहर होने के बाद लेग स्पिनर अमित मिश्रा को मौका मिल सकता है. तेज आक्रमण की कमान ईशांत शर्मा, प्रवीण कुमार और मुनाफ पटेल संभालेंगे.



भारत की सबसे सफल ओपनिंग जोड़ी वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर पर इंग्लैंड के नई गेंद के आक्रमण का सामना करने की जिम्मेदारी होगी. इंग्लैंड में ओपनिंग जोड़ी की कामयाबी के बिना कोई टीम सफल नहीं हो सकी है लिहाजा दिल्ली के इन दो धुरंधरों पर नंबर वन का दर्जा और मैच बचाने की जिम्मेदारी भी होगी.



भारत ने जब 2007 में इंग्लैंड को 1-0 से हराया था तब दिनेश कार्तिक और वसीम जाफर ने 322 रन की अहम साझेदारी की थी. फिर 2008 में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराया तब ग्रीम स्मिथ और नील मैकेंजी ने बड़े स्कोर की नींव रखी थी.



इंग्लैंड को नंबर वन तक पहुंचने के लिए सीरीज 2-0 या 3-1 से जीतनी है और इंग्लैंड के गेंदबाजों को बखूबी पता है कि भारतीय बल्लेबाजों को खामोश कैसे रखना है।

सहवाग खाता खोले बिना पवेलियन लौटे

भारतीय क्रिकेट टीम ने एजबेस्टन के काउंटी क्लब मैदान पर इंग्लैंड के साथ बुधवार को शुरू हुए तीसरे टेस्ट मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ रन के कुल योग पर वीरेंद्र सहवाग का विकेट गंवा दिया.

सहवाग खाता भी नहीं खोल सके. उन्हें स्टुअर्ट ब्रॉड ने पारी की दूसरे और अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर विकेटकीपर मैट प्रायर के हाथों कैच कराया.

इस तरह इंग्लिश टीम ने अपनी रणनीति को अमली जामा पहनाते हुए इस टेस्ट को जीतने की दिशा में भारत के सबसे बड़े ट्रंप-कार्ड सहवाग को सस्ते में विदा कर बड़ी सफलता हासिल की.

सहवाग चार मैचों की इस श्रृंखला में पहला मैच खेल रहे हैं. वह कंधे के ऑपरेशन के कारण शुरुआत के दो मैच नहीं खेल सके थे. नार्थेम्पटनशायर के खिलाफ अभ्यास मैच में भी सहवाग बुरी तरह नाकाम रहे थे.

भारतीय टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 19 रन बना लिए हैं. गौतम गम्भीर 19 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि राहुल द्रविड़ ने खाता नहीं खोला है. गम्भीर ने 15 गेंदों पर चार चौके लगाए हैं.

चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में मेहमान टीम 0-2 से पीछे है. भारत को विश्व की शीर्ष टेस्ट टीम का दर्जा बरकरार रखने के लिए उसे इस टेस्ट मैच को न सिर्फ हर हाल में जीतना होगा बल्कि अंतिम टेस्ट मैच को कम से कम ड्रा कराना होगा.

पहले दो टेस्ट मैचों में भारतीय टीम को हार का मुंह देखना पड़ा है. भारत को लॉर्ड्स टेस्ट मैच में इंग्लिश टीम के हाथों 196 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी जबकि ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में मेहमान टीम को 319 रनों से हार का सामना करना पड़ा था.

एजबेस्टन में भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है. उसने इस मैदान पर पांच टेस्ट मैच खेले हैं लेकिन उसे जीत नसीब नहीं हुई है.

Posted by राजबीर सिंह at 5:01 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh