यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं : रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी

रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने शुक्रवार को कहा कि रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान रेलमंत्री ने आश्वासन दिया कि यात्रियों की सुरक्षा में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी और न ही इससे कोई समझौता किया जाएगा.



उन्होंने भाजपा के रूद्र नारायण पाणि के पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि अनुशासन तोड़ने वाले तथा दायित्व निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले किसी भी रेल कर्मी को नहीं बख्शा जाएगा. त्रिवेदी ने वीरेंद्र वैश के पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि रेलवे में जल्द ही एकीकृत सुरक्षा प्रणाली शुरू की जाएगी और इसके लिए तैयारी की जा रही है.



उन्होंने मोतीलाल वोरा के पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि रेलवे में रिक्तियों को भरने के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन समस्या एक दिन में 15 अलग अलग भाषाओं में रेलवे भर्ती परीक्षा के आयोजन को लेकर है. इस परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थी चाहते हैं कि वह अपनी ही क्षेत्रीय भाषा में परीक्षा दें.



त्रिवेदी ने कहा कि कुछ पदों पर भर्तियां की जा चुकी हैं और कुछ पदों को जल्द ही भरा जाएगा. रिक्तियो में भर्ती में विलंब के कारणों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई बार अदालत का दरवाजा भी खटखटाया जाता है जिससे देर हो जाती है. उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि कोई भी पद रिक्त न रहे और इस दिशा में प्रयास जारी हैं.'



रेल मंत्री ने परिमल नथवानी के मूल प्रश्न के उत्तर में बताया कि गत 11 अप्रैल को एक महिला यात्री अरूणिमा सिंह उर्फ सोनू सिन्हा लखनऊ में पदमावत एक्सप्रेस से गिर गई और एक अन्य ट्रेन के नीचे आ गई जिससे उसका बायां पैर कट गया.



उन्होंने कहा कि उस महिला यात्री को अस्पताल ले जाया गया और उसकी शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है. इस मामले में हालांकि अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.



त्रिवेदी ने बताया कि विभिन्न राज्यों की जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) हर दिन 2200 गाडि़यों में और रेलवे सुरक्षा बल हर दिन औसतन 1275 गाडि़यों में यात्रियों की सुरक्षा करते हैं.

Posted by राजबीर सिंह at 10:58 am.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh