टीम इंडिया के गिरते स्तर को रोकेंगे शंशाक मनोहर और एन श्रीनिवासन !
क्रिकेट, खेल, ताजा खबरें 10:45 pm
मुंबई में सोमवार को बीसीसीआई की कार्यकारी समिति ने भारत को टेस्ट श्रृंखला में इंग्लैंड से मिली करारी शिकस्त पर संक्षिप्त चर्चा की और फिर अपने दो शीर्ष अधिकारियों पर भविष्य की योजना की जिम्मेदारी छोड़ दी.
भारत को तीन दिन पहले मौजूदा टेस्ट श्रृंखला में 0-3 से हारकर नंबर एक टेस्ट रैंकिंग स्थान गंवाना पड़ा.
बीसीसीआई के एक शीर्ष सूत्र ने कार्यकारी समिति की बैठक के बाद कहा, 'इस मुद्दे पर संक्षिप्त चर्चा की गयी और हमने इस पर विचार करने के लिये इसे अपने अध्यक्ष (शंशाक मनोहर) और सचिव (एन श्रीनिवासन) पर छोड़ दिया है. हम निश्चित रूप से परिणामों से चिंतित हैं.'
बीसीसीआई ने यह भी फैसला किया है कि अब एक पूर्व क्रिकेटर संन्यास लेने के पांच साल बाद राष्ट्रीय चयनकर्ता के लिये योग्य हो सकता है जबकि इससे पहले यह समय सीमा 10 वर्ष की थी.
सूत्र ने कहा, 'ऐसा महसूस किया गया कि 10 साल का समय काफी लंबा है. इसलिये हमने इसे पांच साल का करने का फैसला किया. इससे सुनिश्चित होगा कि हमारे पास राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के रूप में काफी योग्य उम्मीदवार हो जायेंगे.'
सूत्र ने कहा कि बैठक में ज्यादातर समय बोर्ड की 19 और 20 सितंबर को यहां होने वाली आम सालाना बैठक से पहले विभिन्न समितियों की रिपोर्ट की पुष्टि के लिये दिया गया.
बीसीसीआई सचिव और भावी अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने एक बयान में कहा, 'बैठक में 2010-11 के खातों को मंजूरी दी गयी. यह फैसला किया गया कि 19 और 20 सितंबर 2011 को होने वाली बोर्ड की 83वीं आम सालाना बैठक मुंबई में क्रिकेट सेंटर में आयोजित की जायेगी.'
बीसीसीआई ने टीवी अधिकारों से राज्य संघों को अधिकतम 27 करोड़ रूपये की सब्सिडी बढ़ाने का फैसला किया. सूत्र ने कहा, 'पिछले साल की सब्सिडी करीब 22 करोड़ रूपये की थी. अब इसे 23 करोड़ से 27 करोड़ रूपये के बीच तक बढ़ाने का फैसला किया गया.'
उन्होंने यह भी कहा कि कोच्चि आईपीएल फेंचाइजी ने बीसीसीआई से अपना बेस कोच्चि से अहमदबाद कराने का आग्रह किया है.