साइना नेहवाल विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में
अन्य खेल, खेल, ताजा खबरें 2:56 am
साइना नेहवाल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरूवार को लंदन में महिला एकल के तीसरे दौर में हांगकांग की पुई यिन यिप को हराकर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया.
दुनिया की छठे नंबर की खिलाड़ी ने लय हासिल करने में कोई देर नहीं लगायी और दूसरे गेम में जब वह 13-5 से आगे चल रही थी तब पुई यिन ने अपनी हार मान ली.
अजय जयराम हालांकि प्री क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाये और पुरुष एकल में छठी वरीय जिन चेन से हार गये. लगभग एक घंटे तक चले इस मैच में भारतीय खिलाड़ी को 21-18, 12-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा.
ज्वाला गुटा और वी दीजू की जोड़ी भी इंग्लैंड के जोचिम फिशर नीलसन और क्रि स्टीना पेडरसन की पांचवीं वरीय जोड़ी से पार नहीं पा सकी और 34 मिनट में 9-21, 15-21 से हार गयी.
इससे पहले 2009 और 2010 में क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली साइना ने शुरू में ही 2-0 की बढ़त हासिल कर ली और फिर लगातार अपनी बढ़त मजबूत करके पुई यिन को हताश कर दिया.
दूसरा गेम भी इतर नहीं रहा. साइना ने 5-1 से 9-.3 की बढ़त बनायी. हांगकांग की खिलाड़ी केवल दो अंक ही बना पायी और इसके बाद उसने हार मान ली.
साइना का अगला मुकाबला 12वीं वरीय पेटा नेदचेवा और तीसरी वरीय झिन वांग के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा.
उन्होंने कहा, '' मैं क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर खुश हूं. मैं इस साल अच्छी लय में हूं और उम्मीद है कि आगे भी अच्छा खेलूंगी. 2009 में मैं चिकन पाक्स से पीडि़त थी और मुझे अभ्यास का पर्याप्त मौका नहीं मिला था. इस बार मैंने एक महीने से अधिक समय तक अभ्यास किया है. ''
साइना ने कहा, '' इंडोनेशिया फाइनल के परिणाम से मैं निराश थी क्योंकि मैं वह टूर्नामेंट जीतने के लिये बेताब थी लेकिन मुझे खुशी है कि मैं पूरी तरह से फिट हूं. मुझ पर किसी तरह का दबाव नहीं है और उम्मीद है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगी.''
पहले मैच में केनेची टागो को उलटफेर का शिकार बनाने वाले जयराम ने पहला गेम जीत लिया लेकिन वह अपनी लय बरकरार रखने में नाकाम रहे. पहले गेम में वह 0-5 से पीछे चल रहे थे लेकिन जयराम ने जल्द ही स्कोर 9-9 से बराबर किया और फिर यह गेम जीता.
लेकिन चेन ने दूसरे गेम में भारतीय को कोई मौका नहीं दिया और 13-12 के स्कोर से लगातार आठ अंक बनाकर जीत दर्ज की. निर्णायक गेम में जयराम ने 10-7 की बढ़त बना ली थी लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाये और चीनी खिलाड़ी ने फिर से लगातार दस अंक बनाकर मैच जीत लिया.