आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम कर सकते हैं भारत और पाकिस्तान
ताजा खबरें, देश-विदेश 4:14 am
पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने कहा है कि आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए उनका देश भारत के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है.
इसके साथ ही उन्होंने जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए दोनों देश ''मिलकर निर्णायक भूमिका" निभा सकते हैं.
मलिक ने माइक्रो ब्लाकिंग वेबसाइट ट्विटर पर कल शाम लिखे एक संदेश में कहा कि आतंकवाद को समाप्त करने के लिए हम भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकार काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
उन्होंने कहा, ''आतंकवाद तभी समाप्त हो सकता है जब सभी देश इससे मुकाबला करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी के साथ मिल कर काम करें."
मलिक ने अपने भारतीय समकक्ष पी चिदंबरम की उस टिप्पणी की सराहना की जिसमें उन्होंने मुंबई में 13 जुलाई को हुए विस्फोटों के पीछे ''अपने देश में पनपे" आतंकवादी माड्यूल की ओर संकेत दिया है.
उन्होंने कहा, ''मैं शांतिप्रिय एवं निर्दोष लोगों के खिलाफ मुंबई में अपने देश में पनपे आतंकवादियों द्वारा हालिया आतंकवादी घटना को अंजाम देने की निंदा करता हूं."
मलिक ने कहा कि भारत और पाकिस्तान इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए मिलकर बड़ा और निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.
उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान और भारत के लोग अपने देश में पनपे आतंकवाद से प्रभावित हैं. उग्रवाद, चाहे वह किसी भी रूप में हो, उसे खत्म करने की जरूरत है."
मलिक ने आतंकवाद को मानवता का दुश्मन करार देते हुए इससे निबटने में चिदंबरम को शुभकामनाएं दीं. ''मुझे उनकी योग्यता और विवेक पर काफी भरोसा है."
उन्होंने हालांकि चिदंबरम के उस बयान पर कोई टिप्पणी नहीं की जिसमें उन्होंने पाकिस्तान से मुंबई में 2008 में हुए आतंकवदी हमलों के षडयंत्रकारियों के खिलाफ त्वरित कानून कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा था.