अन्ना हजारे के अनशन समाप्त करने से दिल्ली पुलिस भी खुश

अन्ना हजारे के अनशन समाप्त करने की घोषणा के बाद उन पुलिसकर्मियों के चेहरे खिल गए.

जो रामलीला मैदान तथा इसके इर्द-गिर्द सुरक्षा में तैनात थे.

पुलिसकर्मियों ने बताया कि अन्ना के अनशन समाप्त होने की घोषणा के बाद जितनी खुशी अन्ना सर्मथकों को हुई है, उससे ज्यादा खुशी पुलिसकर्मियों को हुई है.

दिल्ली पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अन्ना के अनशन समाप्त किए जाने के घोषणा के बाद राहत की सांस ली है.

ज्ञात हो कि 19 अगस्त से अन्ना रामलीला मैदान पर आमरण अनशन कर रहे थे. मजबूत लोकपाल बिल को संसद से पारित कराने की मांग पर अड़े अन्ना ने शनिवार रात जैसे ही अनशन समाप्त करने की घोषणा की, रामलीला मैदान तथा इसके इर्द-गिर्द सुरक्षा में मौजूद सुरक्षाकर्मियों के चेहरे खिल गए.

दिल्ली पुलिस के एक कर्मी ने बताया कि 19 अगस्त से वह लगातार ड्यूटी पर है. एक बार उन्हें कुछ जरूरी काम भी आ गया था लेकिन अधिकारियों ने छुट्टी देने से साफ मना कर दिया. दिल्ली पुलिस के एक अन्य कर्मी ने बताया कि अन्ना के अनशन स्थल तथा इसके इर्द-गिर्द सुरक्षा घेरा तैयार करना एक बड़ी जिम्मेदारी थी.

रामलीला मैदान के गेट पर बृहस्पतिवार को जो कुछ हुआ, उससे यह भी डर लग रहा था कि यदि यह अनशन लंबा खिंच गया तो उन लोगों की जान पर बन सकती है, क्योंकि यहां तैनात लोगों को बिना किसी हथियार के ड्यूटी पर रखा गया था.

एक अन्य कर्मी ने बताया कि अन्ना ने बड़ी ईमानदारी से अपनी मांग रखी थी, इसी वजह से केंद्र सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा. यदि वह इस तरह न डटते तो शायद ही केंद्र उनकी मांगों की ओर ध्यान देती.

इस कर्मी ने दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों से अन्ना को शांति भंग होने के अंदेशा में गिरफ्तार करने के तरीके को भी गलत ठहराया है.

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अन्ना ने अनशन समाप्त करने की घोषणा कर दी है लेकिन सबसे बड़ी चुनौती सोमवार को विजयोत्सव के दौरान सुरक्षा को लेकर होगी. इस दौरान किसी को भी कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी.

दिल्ली पुलिस ने अन्ना समर्थकों से अपील की है कि वह शांतिपूर्ण तरीके से विजयोत्सव मनाएं.

Posted by राजबीर सिंह at 10:27 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh