लीबियाई संघर्ष पर सभी पक्ष संयम बरतें : संयुक्त राष्ट्र
ताजा खबरें, देश-विदेश 7:54 pm
विद्रोही देश के शासक मुअम्मार गद्दाफी के गृहनगर सिरते की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र ने यह अपील उस समय की है जब गद्दाफी समर्थक और विद्रोही दोनों पक्ष के लोगों के कथित रूप से बड़े पैमाने पर मारे और प्रताड़ित किए जाने की खबरें आई हैं.
इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र लीबिया की जब्त सम्पत्तियों में से 1.5 अरब डॉलर जारी करने पर सहमत हो गया है. प्रतिबंधों के तहत लीबिया की सम्पत्ति जब्त की गई थी. मानवीय जरूरतों को तत्काल शुरू करने में इस राशि का उपयोग किया जाएगा.
वहीं, राजधानी त्रिपोली के ज्यादातर हिस्सों पर विद्रोहियों का नियंत्रण है. राजधानी में ऐसे कुछ ही स्थान बचे हैं जहां गद्दाफी के समर्थक मौजूद हैं. इनमें से एक अबू सलेम जिले में गुरुवार को मुठभेड़ शुरू हुई.
विद्रोहियों ने गद्दाफी के गृहनगर सिरते की ओर बढ़ने की कोशिश की है लेकिन उन्हें कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा है.
खबरों के अनुसार उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के लड़ाकू विमानों ने सिरते पर पूरी रात हवाई हमले किए.
वहीं, गुरुवार देर रात राष्ट्रीय अस्थाई परिषद (एनटीसी) ने कहा कि उसने अपना राजनीतिक मुख्यालय अब बेंघाजी से त्रिपोली स्थानांतरित कर लिया है.
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकार मामलों के प्रवक्ता रूपर्ट कॉलविल ने कहा कि लीबिया में बड़े पैमाने पर हत्या और प्रताड़ना की खबरों की पुष्टि कर पाना मुश्किल है लेकिन लीबिया पर बना मौजूदा जांच आयोग इस तरह की घटनाओं की जांच करेगा.
उन्होंने कहा, "लीबिया में जो लोग भी सत्ता में हैं हम उनसे अनुरोध करते हैं कि वहां अपराध और बदले की कार्रवाई न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए वे सक्रिय कदम उठाएं."
वहीं, इस सप्ताह की शुरुआत में एनटीसी के अध्यक्ष मुस्तफा अब्दुल जलील ने विद्रोहियों से अपील की थी कि वे बदला लेने की मंशा से गद्दाफी समर्थकों पर हमले न करें.