उत्तराखंड के टिहरी में बादल फटने से पांच की मौत
उत्तराखंड, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 1:21 am
उत्तराखंड के टिहरी जिले के धनोल्टी के पास मोलधार ग्राम सभा के थाती डांडा में शुक्रवार को इस मानसून सत्र में पहली बार बादल फटने की घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया.
आधिकारिक सूत्रों ने आज पांच व्यक्तियों के मरने की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह करीब दो बजे बादल फटने की घटना हुई. सूत्रों के अनुसार बादल फटने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी. जिसमें तीन महिलाएं शामिल हैं जबकि एक अन्य व्यक्ति उस परिवार का रिश्तेदार है.
सूत्रों ने बताया कि मृतकों में 55 वर्षीय गोबरू, उसकी 21 वर्षीय पुत्रवधू बबीता, 15 वर्षीय और 10 वर्षीय दो पुत्रियां मेला और उर्मिला शामिल हैं. इस घटना में गोबरू के एक रिश्तेदार 50 वर्षीय भरतू की भी मौत हो गई.
सूत्रों के अनुसार गोबरू की पत्नी 50 वर्षीय शांति देवी गंभीर रूप से घायल हैं जिसे थत्यूण अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के अनुसार अब तक पांचों शवों को बरामद किया जा चुका है जबकि अन्य संभावित लापता लोगों की तलाश की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी है कि पांच लोग अब भी लापता हैं. बादल फटने की घटना के बाद गांव में कई घर ध्वस्त हो गए.सूत्रों ने बताया कि आपदा राहत और बचाव दल की टीमें पुलिस बल के साथ पहुंच गई हैं और बचाव कार्य जारी है.
टिहरी के पुलिस अधीक्षक राजीव स्वरूप ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू कर दिया है. लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने पीड़ितों को तुरंत एक लाख रुपए की सहायता की घोषणा की है. जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार के लोगों को चेक भी दे दिया है.
राज्यपाल माग्रेट आल्वा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.