चीन की ओर बढ़ रहा है शक्तिशाली तूफान ‘मुइफा'
ताजा खबरें, देश-विदेश 10:08 pm
इसे देखते हुए शनिवार को विभिन्न स्थानों से पांच लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और 200 से अधिक उड़ानों को रद्द कर दिया गया.तूफान 162 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चीन की ओर बढ़ रहा है.
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तूफान के शनिवार रात शंघाई पहुंचने और उसके बाद उत्तर की ओर बढ़ने का अनुमान है.
शंघाई में करीब 200,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
यहां 75 उड़ानें रद्द की गईं और तट के निकस्थ स्थानों से जहाजों को वापस बुला लिया गया है.
शुक्रवार को अन्य प्रांत झेझियांग में 2,30,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.
हैंगझो में शनिवार को 140 उड़ानें रद्द की गईं.
शंघाई में रेलवे अधिकारियों ने जहां आपात स्थिति से निपटने की योजना तैयार कर रखी है, वहीं फुजियान और झेजियांग प्रांत में मछली पकड़ने वाले जहाजों को वापस तट पर बुला लिया गया है.
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार चीन के राष्ट्रीय समुद्री पर्यावरण पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक समुद्र में ऊंची उठती लहरें तूफान के पहुंचने का संकेत दे रही हैं.
चीन के पूर्वी समुद्र तटों पर 10.5 मीटर ऊंची लहरें देखी गई हैं.
अधिकारियों के मुताबिक शनिवार दोपहर से लेकर रविवार दोपहर के बीच नौ से 11 मीटर ऊंची लहरें दिखाई देंगी.
शंघाई और जेजियांग इलाके में समुद्र में पांच से सात मीटर ऊंची लहरें दिखायी देंगी.
पर्यावरण केंद्र की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि इस वर्ष चीन में आने वाला यह नौवां तूफान है.
नागरिक मामलों के मंत्रालय ने स्थिति पर निगाह रखने और बचाव अभियान की तैयारी करने के लिए कई प्रांतों में अलर्ट जारी कर दिया है.
सरकारी गोदामों को भी पार्याप्त राहत सामग्रियों के साथ तैयार करने के लिए कहा गया है.
फुजियान प्रांत में बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने शहर के बंदरगाह पर 5,000 से अधिक नौकाओं को वापस बुलाया है.