65वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने फहराया झंडा

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश के 65वें स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से सोमवार सुबह 7.30 बजे झंडा फहराया.

प्रधानमंत्री ने 65वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया



मनमोहन सिंह ने झंडा फहराने के लिए लाल किले की प्राचीर पर जाने से पहले गारद का निरीक्षण किया.



प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के लिए बहुत कुछ किया गया है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है.



देश के 65वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि देश के कुछ जिलों में कई सारी चुनौतियां हैं, जिससे हमें निपटना है, वहां की समस्याओं को सुलझाना है.



हम अपने देश के किसानों, मजदूरों और जवानों की मेहनत को जाया नहीं जाने देंगे. हमने सामाजिक मोर्चे पर काफी कुछ किया है.



उप्र के विकास में केंद्र ने नहीं किया सहयोग : मायावती



उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को देश के 65वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ के विधान भवन पर झंडारोहण करने के बाद अपने सम्बोधन में उन्होंने कांग्रेसनीत केंद्र सरकार पर राज्य के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया.



मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के असहयोग और पक्षपातपूर्ण रवैये के बावजूद राज्य सरकार अपने संसाधनों के जरिए सूबे का विकास कर रही है.



स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले स्वाधीनता सेनानियों को याद करते हुए कहा कि उन्हीं की कुर्बानी के चलते हमें आजादी मिली.



संबोधन के बाद मायावती ने तीन पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री के उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया. स्वाधीनता दिवस के मौके पर लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे.



स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये. शहरों की सड़कें और चौराहों पर लाउडस्पीकरों में देशभक्ति के तराने गूंजते रहे.

उत्तराखंड में मना स्वाधीनता दिवस

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य में चार नये जिलों के गठन की घोषणा की. साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक नया कानून लाने का आश्वासन भी दिया.



आजादी की 65वीं वषर्गांठ पर स्थानीय परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराने के बाद अपने उद्बोधन में निशंक ने कहा कि राज्य में यमुनोत्री, कोटद्वार, डीडीहाट तथा रानीखेत नाम से चार नए जिले बनाये जायेंगे ताकि प्रशासन का कार्य बेहतर और अधिक सुचारू रूप से हो सके.



मप्र में स्वाधीनता दिवस की धूम



मध्य प्रदेश में 65वां स्वाधीनता दिवस धूमधाम से मनाया गया. रंगारंग कार्यक्रमों के बीच ध्वजारोहण किया गया, और सभी से प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया गया.



मुख्य समारोह भोपाल के मोतीलाल नेहरु स्टेडियम में हुआ, जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. साथ ही प्रदेशवासियों से आह्वान किया गया कि वे विकास में अपनी भागीदारी निभाएं.

चौहान ने सरकार द्वारा हर वर्ग के विकास के लिए किए जा रहे कार्यो का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब, कमजोर और किसान के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं चलाई हैं ताकि उनका जीवन समस्या मुक्त हो सके.



इस मौके पर विभिन्न बलों की टुकड़ियों का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया तथा सलामी ली. इसी तरह जबलपुर में विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी और उपाध्यक्ष हरवंश सिंह ने बैतूल में ध्वजारोहण कर देश की आजादी में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण किया.

प्रदेश के अन्य हिस्सों मे भी स्वाधीनता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है. हर तरफ देशभक्ति के तराने गूंज रहे हैं, तथा रंगारंग कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है.

गहलोत ने ली सलामी

राजस्थान में 65वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम एवं परम्परागत उत्साह के साथ मनाया गया.



राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को सवाई मान सिंह स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली.



गहलोत ने राज्य और केन्द्र की संप्रग सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार आम लोगों के जीवन के उत्थान के लिए बेहतर काम कर रही है.



गहलोत ने इस मौके पर सराहनीय सेवाओं के लिए भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सुनील मेहरोत्रा, अतिरिक्त निदेशक, जेल, और राजस्थान पुलिस सेवा के अधिकारी विजय सिंह उप अधीक्षक पुलिस सी.आई.डी. एस.एस.बी जयपुर शहर को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया.

पंजाब, हरियाणआ में उत्साह

अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज स्वतंत्रता दिवस मनाया गया.



इन दोनों राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के जिला मुख्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य स्थानों पर देशभक्तिपूर्ण माहौल रहा और हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण किया गया.



अधिकारियों ने चंडीगढ़ में बताया कि सव्तंत्रता दिवस समारोह शांतिपूवर्क संपन्न हुआ और इस क्षेत्र से किसी भी अप्रिय घटना की खबर नहीं है.



आकाश में बादल छाये रहने के बीच पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक शिवराज पाटिल ने चंडीगढ़ में आयोजित एक समारोह में झंडा फहराया. दूसरी तरफ भारी वर्षा के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अमृतसर में राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में झंडा फहराया.



बिहार में कई स्थानों पर नक्सलियों ने फहराया काला झंडा

सोमवार को नक्सलियों ने बिहार में कई स्थानों पर काला झंडा फहराकर स्वतंत्रता दिवस का बहिष्कार किया। राज्य के जमुई, लखीसराय, गया तथा सीतामढ़ी में नक्सलियों द्वारा काला झंडा फहराये जाने की सूचना है।



पुलिस के अनुसार गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में पांच से ज्यादा स्थानों पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नक्सलियों ने काला झंडा फहराया.

इनमें कई सरकारी विद्यालय भवन शामिल हैं. इसके अलावे लखीसराय के चानन, जमुई के चरकापत्थर, सीतामढ़ी के रूनीसैदपुर थाना क्षेत्र के नोनउरा और बलुआ में भी नक्सलियों ने काला झंडा फहराया और स्वतंत्रता दिवस के विरोध में पोस्टर चिपकाए.



पूर्वोत्तर में उत्साह से मना दिवस

देश के कई पूर्वोत्तर राज्यों में आज भारी बारिश और विद्रोही संगठनों के बंद के आह्वान के बावजूद 65वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया गया.



मिजोरम के मुख्यमंत्री ललथनहवला ने राजधानी ऐजॉल स्थित असम रायफल मैदान में आयोजित समारोह में लोगों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य की नई भूमि उपयोग नीति :एनएलयूपी: पर तेजी से काम हो रहा है.



अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जरबोम गामलिन ने इस मौके पर राजधानी ईटानगर में लोगों को संबांधित करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था में सुधार लाने का संकल्प लिया. उन्होंने राज्य में जल्द ही पुलिस के तीन नए बटालियन (आईआरबीएन), एपीपी और तिराप व चांगलांग बटालियन बनाए जाने की भी घोषणा की.



त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने राजधानी अगरतला स्थित असम रायफल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्य के विकास के लिए विद्राहियों से हिंसा का रास्ता छोड़ कर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की.



मेघालय की राजधानी शिलांग स्थित पोलो मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने कहा कि राज्य में घुसपैठ, जबरन वसूली और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों से सख्ती से निपटा जाएगा. विद्रोही संगठन हन्नीट्रेप नेशनल लिबरेशन काउंसिल (एचएनएलसी) ने राज्य के चार खासी-जयंतिया जिलों में बंद का आह्वान किया था.

Posted by राजबीर सिंह at 10:01 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh