सुहैल हिंदुस्तानी और संजीव सक्सेना की न्यायिक हिरासत 18 अगस्त तक बढ़ी
ताजा खबरें, देश-विदेश 8:42 pm
दिल्ली की एक अदालत ने 2008 के बहुचर्चित नोट के बदले वोट मामला के संबंध में गिरफ्तार सुहैल हिंदुस्तानी और संजीव सक्सेना की न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने पर हिंदुस्तानी और सक्सेना को विशेष न्यायाधीश संगीता ढींगरा सहगल के समक्ष पेश किया गया.
दिल्ली पुलिस ने यह कहते हुए दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ाने की अदालत से आग्रह किया कि मामले में जांच का काम अभी पूरा नहीं है. इस पर अदालत ने कहा कि दोनों आरोपितों को 18 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में दिया जाता है.
हिंदुस्तानी की तरफ से पेश अधिवक्ता आनंद ने कहा कि मामले की प्राथमिकी की प्रति बचाव पक्ष के वकील को नहीं दिया गया है. बहरहाल, अदालत के निर्देश के बाद दिल्ली पुलिस ने बचाव पक्ष के वकील को प्राथमिकी की प्रति सौंप दी.
नोट के बदले वोट,पैसा कहां से आया:SC
उच्चतम न्यायालय ने नोट के बदले वोट मामले में दिल्ली पुलिस को कड़ी फटकार लगाते हुए पूछा है कि यह पैसा कहां से आया.
उच्चतम न्यायालय ने ने दिल्ली पुलिस को अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने के लिए तीन हफ्ते का समय दिया है। गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने स्थिति रिपोर्ट दाखिल की थी.
न्यायालय ने अब तक की जांच पर अंसंतुष्टि जाहिर करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस अब तक यह बताने में कामयाब नहीं हो पाई है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई.
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में हुए नोट के बदले वोट मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक सुहेल हिंदुस्तानी और संजीव सक्सेना को गिरफ्तार कर चुकी है और सांसद अमर सिंह, रेवती रमण सिंह तथा अशोक अर्गल से पूछताछ की है.
इससे पहले उच्चतम न्यायालय द्वारा 15 जुलाई को जांच को लेकर संवेदनाहीन रवैये के लिये नाखुशी जताये जाने पर दिल्ली पुलिस हरकत में आई थी. अमर सिंह के कथित साथी सक्सेना पहले ऐसे व्यक्ति थे जिनको 17 जुलाई को गिरफ्तार किया गया. उन पर 22 जुलाई 2008 को भाजपा सांसदों को केंद्र सरकार के खिलाफ विश्वास मत के दौरान वोट के बदले नोट देने का आरोप था.
दूसरी गिरफ्तारी हिंदुस्तानी की थी जिन्होंने कथित रूप से अमर सिंह और भाजपा सांसदों के बीच बिचौलिये की भूमिका निभाई. इन भाजपा सांसदों को विश्वास मत के दौरान कथित रूप से रिश्वत दिया गया.