मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर कारखाने में कर्मचारियों की हड़ताल
ताजा खबरें, व्यापार 1:21 am
आंदोलनकारी कर्मचारियों ने अपने पांच साथियों के निलंबन के खिलाफ गुरुवार दोपहर में टूल डाऊन हड़ताल की.
कंपनी के कर्मचारियों के लगभग एक घंटे की इस हड़ताल से मारुति सुजूकी को 50 वाहनों का उत्पादन नुकसान हुआ.
कंपनी ने पांच कर्मचारियों को कल सुपरवाइजर से कथित मारपीट के आरोप में निलंबित कर दिया था.
महीने भर पहले ही मानेसर संयंत्र के कर्मचारी 13 दिन हड़ताल पर रहे थे जिससे कंपनी को करीब 630 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था.
बुधवार को एक सुपरवाइजर पर कथित तौर पर हमले के लिए पांच कर्मचारियों को निलंबित किए जाने के बाद कर्मचारी हड़ताल करने को उतारू हो गए.
संपर्क करने पर कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि कर्मचारियों ने एक सुपरवाइजर पर हमला किया गया और जब निलंबन के जरिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई तो उन्होंने संयंत्र में काम बंद कर दिया. हड़ताल करने वाले कर्मचारियों की संख्या बहुत कम है.
ऐसा माना जाता है कि पांच निलंबित कर्मचारियों को प्रबंधन से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया.
हालांकि कर्मचारियों ने कहा कि यह पूर्ण हड़ताल नहीं है. लेकिन घंटे भर की हड़ताल के कारण ही 50 वाहनों का उत्पादन नुकसान हुआ.
मारुति सुजुकी एम्पलाइज यूनियन (एमएसईयू) के महासचिव शिवकुमार ने बताया कि प्रबंधन ने पांच कर्मचारियों को लड़ाई करने के आरोप में निलंबित कर दिया लेकिन ऐसा कुछ हुआ ही नहीं था. हमने उनकी इच्छा के खिलाफ यूनियन बनाई इसलिए हमें प्रताडि़त किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि यूनियन मामले को निपटाने के लिए प्रबंधन से बातचीत कर रही है क्योंकि कर्मचारी किसी और हड़ताल के पक्ष में नहीं है जिससे कंपनी को उत्पादन नुकसान हो.
इससे पहले चार जून को मानेसर संयंत्र के कर्मचारी नई यूनियन मारुति सुजुकी एंप्लाईज यूनियन को मान्यता दिए जाने की मांग को लेकर 13 दिन की लंबी हड़ताल पर चले गए थे.