खाद्यान्न मुद्रास्फीति दर घटकर 7.33 फीसदी
ताजा खबरें, व्यापार 8:02 pm
प्याज, दूध, अंडे, मांस और दाल जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में गिरावट के कारण ऐसा हुआ बताया जा रहा है.पिछले दो साल में यह खाद्यान्न मुद्रास्फीति की न्यूनतम दर है.
खाद्यान्न मुद्रास्फीति दर में लगातार दूसरे सप्ताह आई इस गिरावट से उपभोक्ताओं और इसे नीचे लाने के लिए पिछले डेढ़ साल से भी अधिक समय से कोशिश कर रहे नीति-निर्माताओं को काफी राहत मिली है. नौ जुलाई को समाप्त हुए इससे पहले के सप्ताह में यह 7.58 प्रतिशत थी.
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्राथमिक वस्तुओं के सूचकांक में भी गिरावट दर्ज की गई है. पिछले सप्ताह के 11.13 प्रतिशत के मुकाबले इस सप्ताह यह 10.49 प्रतिशत रहा.
फलों की कीमत में वार्षिक आधार पर 13.90 प्रतिशत की धीमी वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पिछले सप्ताह यह 15.84 प्रतिशत था. अंडे, मांस तथा मछली की कीमत में भी धीमी वृद्धि हुई और पिछले सप्ताह के 7.97 प्रतिशत के मुकाबले इस सप्ताह यह 6.36 प्रतिशत दर्ज किया गया.
ईंधन और ऊर्जा के सूचकांक में भी गिरावट दर्ज की गई, जिसका थोक कीमत सूचकांक में 14.91 प्रतिशत योगदान है. पिछले सप्ताह के 11.13 प्रतिशत के मुकाबले इस सप्ताह ईंधन तथा ऊर्जा का सूचकांक 10.49 प्रतिशत दर्ज किया गया.
कुछ महत्वपूर्ण वस्तुओं की कीमत में वार्षिक वृद्धि तथा कमी इस प्रकार है :
प्याज : 22.66 प्रतिशत
सब्जियां : 7.59 प्रतिशत
फल : 13.90 प्रतिशत
आलू : 10.55 प्रतिशत
अंडे, मांस, मछली : 6.36 प्रतिशत
मोटे अनाज : 4.82 प्रतिशत
चावल : 1.80 प्रतिशत
गेहूं : 1.84 प्रतिशत
दालें : (-) 7.67 फीसदी