अन्ना हजारे की टीम मे हिम्मत है तो चुनाव लड़कर दिखाएं: कांग्रेस

कांग्रेस ने गुरुवार को अन्ना हजारे की टीम को खुली चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत है तो चुनाव लड़कर दिखाएं.

नयी दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि लोकपाल विधेयक पर राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र अमेठी में किए गए सर्वेक्षण के नतीजे जारी करने को तैयार बैठी अन्ना हजारे की टीम को खुली चुनौती देते हुए जिन इलाकों में सर्वेक्षण की कवायद की गई है अन्ना हजारे उन स्थानों से चुनाव लड़कर दिखाएं.



उन्होंने कहा, 'जहां तक उनके सर्वेक्षण का सवाल है उन्हें चांदनी चौक से एक मौका देना चाहिए, अमेठी तो वह बाद में भी जा सकते हैं.' तिवारी से हजारे की टीम के जन लोकपाल विधेयक को भारी समर्थन मिलने के दावे के बारे में पूछा गया था.



तिवारी ने इस संबंध में हिंदी फिल्म के एक गीत के मुखड़े (अपने पे भरोसा है तो ये दॉव लगा ले) का जिक्र करते हुए कहा कि अगर अन्ना को खुद पर भरोसा है तो वह खुद को एक मौका दें.



हजारे की इस धमकी पर कि अगर 16 अगस्त तक स्थायी समिति ने लोकपाल विधेयक पर सरकारी मसौदे को संसद को वापस नहीं लौटाया तो वह भूख हड़ताल पर चले जाएंगे, तिवारी ने कहा कि हजारे ने समिति के सामने ऐसी कोई मांग नहीं रखी.



तिवारी ने कहा, 'अन्ना टीम जब समिति के सामने आई थी तो उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा था. अन्ना हजारे ने यह नहीं कहा था कि समिति को मसौदा 16 अगस्त तक संसद को लौटाना है. उन्होंने संसदीय लोकतंत्र और कानून के शासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई थी. उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी ऐसा कोई बयान नहीं दिया, जो संसद अथवा सांसदों के लिए अपमानजनक हो.'



तिवारी ने कहा, 'अगर वह कह रहे हैं कि उन्होंने यह सब समिति को बताया था तो यह गलत है और मैं खुद इस बात की हिमायत करूंगा कि समिति के साथ उनकी बैठक का शब्दश: लिप्यांतरण मीडिया में वितरित किया जाए.'



उन्होंने दावा किया कि समिति ने अन्ना की टीम से कहा था कि इस मामले पर उन्हें संसद के साथ रचनात्मकता के साथ कार्य करने की जरूरत है क्योंकि उनका रवैया संसदीय लोकतंत्र के अनुरूप नहीं है.'मेरी इच्छा है कि वह समिति की सलाह का अनुसरण करें.'

Posted by राजबीर सिंह at 10:21 pm.
 

dailyvid

FLICKR PHOTO STREAM

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh