बलि देने के आरोपी तांत्रिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 9:53 pm
डीआईजी प्रेम प्रकाश ने सोमवार को बताया कि शशि बाबा नामक तांत्रिक को एसटीएफ ने शहर की फूल बाग कॉलोनी से रविवार को गिरफ्तार किया.
गत सात अगस्त को एल ब्लॉक निवासी इस तांत्रिक ने शेरगढ़ी के रहने वाले नौंवी के छात्र गौरव की हत्या करके उसका शव घर के पिछवाड़े स्थित नाले में फेंक दिया.
शव बरामद होने पर लोगों ने काफी हंगामा किया था. लोगों का कहना था कि बाबा का भतीजा राजन गौरव को तांत्रिक के घर ले गया था. इसके बाद पुलिस ने राजन को गिरफ्तार कर फरार तांत्रिक की तलाश शुरू की.
प्रकाश के अनुसार पूछताछ में तांत्रिक ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना के दिन उसने राजन के जरिये गौरव को अपने घर बुलाया और उसकी (राजन की) मदद से छात्र की हत्या कर दी.
बहरहाल बाबा ने बलि देने की बात से इंकार किया है. उसने पुलिस को हत्या की वजह रुपयों के लेन-देने से संबंधित विवाद बताया.