अन्ना हजारे का स्वास्थ्य संतोषप्रद, चार-पांच दिनों में छुट्टी संभव
ताजा खबरें, देश-विदेश, breakingnews, gallery 9:20 pm
अन्ना हजारे को चार-पांच दिनों में छुट्टी मिल सकती है. मेदांता मेडिसिटी के यतिन मेहता ने कहा, 'उनका स्वास्थ्य ठीक हो रहा है और अब स्थिर है. वह मुलायम आहार ले रहे हैं और आज उन्होंने पोहा लिया.' मेहता 74 वर्षीय हजारे के स्वास्थ्य की देखरेख में लगे हुए हैं.
चिकित्सक ने संवाददाताओं से कहा, 'वह थोड़े समय के लिये कमरे में टहले. उनका रक्तचाप 124-84 है और नाड़ी प्रति मिनट 78 है.' मेहता ने कहा कि उनके मूत्र में कीटोन की मात्रा कम हुई है जो एक 'अच्छा संकेत' है. उन्होंने कहा कि अस्पताल से छुट्टी मिलने में उन्हें चार से पांच दिन लग जाएंगे.
यह पूछने पर कि हजारे किस तरह अस्पताल में अपना समय बिता रहे हैं तो मेहता ने कहा, 'उन्होंने अखबार नहीं पढ़ा लेकिन टेलीविजन पर कुछ समाचार बुलेटिन देखे. उनका उत्साह बना हुआ है.'
चिकित्सक ने कहा कि उनका वजन 66.6 किलोग्राम है और सोमवार से यह कम नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, 'इसका मतलब है कि उनकी स्थिति बिल्कुल संतोषजनक है.'
अनशन पर जाने से पहले अन्ना का वजन 72 किलोग्राम था.