उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के छह विधायक बसपा में
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय, ताजा खबरें, राजनीति 5:55 am
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को विधानसभा के सेंट्रल हाल में संवाददाताओं के सामने सपा के छह विधायकों को पार्टी में शामिल किए जाने की घोषणा की.
मौर्य ने बताया कि बरेली के विधायक सुल्तान बेग, हमीरपुर से अशोक चंदेल, आजमगढ़ से सर्वेश सिंह ‘सीपू’, एटा के सूरज सिंह शाक्य, मुरादाबाद से संदीप अग्रवाल और उन्नाव के विधायक सुंदर सिंह लोधी ने समाजवादी पार्टी छोड़कर बसपा मुखिया मायावती की नीति और नेतृत्व में आस्था जताते हुए बसपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है.
मौर्य के साथ उक्त विधायकों के अलावा बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और सरकार के वरिष्ठ मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी उपस्थित थे.
उन्होंने बाद में संवाददाताओं के सवाल के जवाब में आगे सपा के और विधायकों के पार्टी में शामिल होने की संभावना जताते हुए कहा, ‘आगे-आगे देखिए होता है क्या.’
उल्लेखनीय है कि आज बसपा में शामिल होने वाले तीन विधायक सर्वेश सिंह सीपू, अशोक सिंह चंदेल और संदीप अग्रवाल समाजवादी पार्टी से निष्कासित नेता अमर सिंह के बगलगीर हो गए थे.
बाद में समाजवादी पार्टी ने उन्हें दल की सदस्यता से निलंबित कर दिया था.