एसबीआई की चालू वित्त वर्ष में 800 शाखाएं खोलने की योजना
ताजा खबरें, व्यापार 8:07 pm
उसकी शाखाओं की कुल संख्या 14,000 से अधिक पहुंच जाएगी.
भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीएफओ दिवाकर गुप्ता ने बताया, 'हमारी योजना चालू वित्त वर्ष में 700-800 शाखाएं खोलने की है, जबकि बीते वित्त वर्ष में 650 शाखाएं खोली गई थीं.’ उन्होंने कहा कि नयी शाखाएं सभी 14 सर्किलों में खोली जाएंगी. मार्च, 2011 के अंत तक एसबीआई की शाखाओं की कुल संख्या 13,542 थी, जबकि एटीएम की संख्या 20,084 थी.
इसके अलावा, बैंक विदेश में अपना नेटवर्क बढ़ाने की भी संभावना तलाश रहा है. उन्होंने कहा, 'बैंक पड़ोसी देशों और सीआईएस देशों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की संभावना तलाश रहा है.
इस समय, अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, कनाडा और मारिशस सहित 32 देशों में एसबीआई के 156 कार्यालय हैं.
अभी बैंक के कुल कारोबार में विदेशी कारोबार का योगदान करीब 16 प्रतिशत है.